किसानों ने फर्जी शिकायतकर्ता के खिलाफ खाेला माेर्चा

रुड़की, 18 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री सूक्ष्म सिंचाई योजना के अंतर्गत लक्सर क्षेत्र में पाइपलाइन कार्य में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर की गई शिकायत के खिलाफ बुधवार को लाभार्थी किसान एकजुट होकर तहसील पहुंचे। किसानों ने फर्जी शिकायतकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मुख्यमंत्री उत्तराखंड के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान को सौंपा।

गौरतलब है कि सोमवार को तहसील दिवस कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति फैजान द्वारा लक्सर के उद्यान अधिकारी पर लाखों रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया था। शिकायतकर्ता ने पाइपलाइन कार्यों में गड़बड़ी की बात कहते हुए विभागीय अधिकारियों की भूमिका को संदेह के घेरे में बताया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी ने जांच के निर्देश दिए थे।

हमें नहीं चाहिए ऐसा झूठा समर्थन

बुधवार को तहसील पहुंचे दर्जनों किसानों ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि हमारे खेतों में जो सूक्ष्म सिंचाई की पाइपलाइन डाली गई है, वह मौके पर मौजूद है। विभाग की ओर से किसी भी प्रकार की रिश्वत की मांग नहीं की गई। अनुदान की राशि हमें DBT माध्यम से सीधे प्राप्त हुई है। शिकायतकर्ता से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। यह पूरी तरह से झूठी शिकायत है और बदनाम करने की साजिश लगती है।

तहसीलदार बोले, जांच के बाद उचित कार्रवाई

इस संबंध में तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान ने बताया किसानों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि उन्हें समय पर अनुदान मिला और किसी भी स्तर पर घूस या भ्रष्टाचार की कोई बात सामने नहीं आई। किसानों का ज्ञापन मुख्यमंत्री कार्यालय को अग्रेषित किया जाएगा। यदि शिकायत फर्जी पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उद्यान अधिकारी ने लगाए ब्लैकमेलिंग के आरोप

वहीं दूसरी ओर, लक्सर के उद्यान अधिकारी प्रताप सिंह ने शिकायतकर्ता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा शिकायतकर्ता फैजान का इस योजना से कोई संबंध नहीं है। वह मुझ पर झूठे आरोप लगाकर मानसिक दबाव बना रहा है और अपने कुछ साथियों के माध्यम से मुझसे पैसों की मांग कर रहा है। मुझे जान से मारने की धमकी तक दी गई है। मैंने इसकी शिकायत अपने उच्चाधिकारियों से की है और अब कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा हूं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights