मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत बेटियों को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के तहत जय हिंद पब्लिक स्कूल, ग्राम पंचायत मजलिसपुर तोफिर की कक्षा 11 की छात्रा कुमारी अनु चौहान को एक दिन के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।जिला पंचायत कार्यालय पहुंचने पर अपर मुख्य अधिकारी योगेश कुमार और स्टेनो अक्षय शर्मा सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल ने अनु चौहान को कुर्सी पर बैठाकर प्रतीक चिन्ह, बुके और उपहार देकर सम्मानित किया।

जिला पंचायत की कार्यप्रणाली संभालने के बाद अनु चौहान ने सदस्यों अमित रावल, तरुण पाल, सचिन करानिया और वीरेंद्र उर्फ बिल्लू सहित सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने जनता की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत अधिकारी व उपजिलाधिकारी सदर से वार्ता की।साथ ही उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने और दवाई छिड़काव कराने का अनुरोध भी किया।

अनु ने कार्यालय परिसर का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से संवाद किया।इस अवसर पर डा. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि “नारी सशक्तिकरण की दिशा में सरकार के प्रयासों को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं अनु चौहान ने कहा कि वह भविष्य में डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना चाहती हैं।कार्यक्रम में अपर मुख्य अधिकारी योगेश कुमार, प्रशासनिक अधिकारी नरेंद्र कुमार शर्मा, सुरेंद्र कुमार, श्रीमती राकेश, श्रीमती प्रतिभा, भाजपा से महेंद्र चौहान, रामकुमार शर्मा, रविंद्र कुमार, मिलकराम चौहान सहित अनु चौहान के पिता विधि सिंह चौहान मौजूद रहे।
