नई दिल्ली, 04 फ़रवरी । मध्य प्रदेश से दिल्ली आकर भीड़ वाले इलाके में चोरियां करने वाले गिरोह का कोतवाली थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस संबंध में तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान राजगढ़, मध्य प्रदेश निवासी प्रीति (30), अनमोल (26)और सन्नो (32) के रूप में हुई है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
तीनों 28 जनवरी को कोतवाली इलाके में हाई कोर्ट की महिला वकील से लाखों रुपये के सोने-हीरे के जेवरात चोरी कर लिए थे। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने तीनों को मयूर विहार से दबोचा है।
उत्तरी जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुमित कुमार झा ने बताया कि 28 जनवरी को एस. गर्ग नामक महिला वकील ने जेवरात चोरी की एक शिकायत दी थी। पीड़िता ने बताया कि वह अपने सोने और हीरे के जेवरात को मरम्मत करवाने के लिए किनारी बाजार, चांदनी चौक लेकर आई थीं। इस बीच किसी ने उनके बैग से जेवरात चोरी कर लिए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। करीब 100 सीसीटीवी के आधार पर दो महिलाओं की पहचान की। वह बाजार से निकलकर ऑटो में सवार होते हुए दिखाई दीं। टीम ने उनकी जानकारी जुटाई तो पता चला कि महिलाएं मयूर विहार के चिल्ला गांव में कहीं रह रही हैं। स्थानीय जानकारी के आधार पर एक फरवरी को टीम ने प्रीति व अनमोल को दबोच लिया। इनके पास से कुछ जेवरात बरामद हो गए। दोनों ने बताया कि इन लोगों ने ही महिला के बैग से जेवरात चोरी किए थे। बाकी जेवरात इनकी सहयोगी सन्नो के पास है। सन्नो को चिल्ला से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से बाकी जेवरात बरामद हो गए। तीनों को थाने लाकर उनसे पूछताछ की गई।
