खतौली। थाना खतौली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मुकदमे का खुलासा करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में पता चला कि जिस युवक के पैर में गोली लगी थी, उसी ने गलती से खुद को गोली मार ली थी। डर और रंजिश के चलते उसने अपने दो परिचितों पर झूठा आरोप लगाकर कहानी बना दी थी। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी खतौली और थाना प्रभारी दिनेश बघेल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 18 अक्टूबर को दर्ज हत्या के प्रयास के मुकदमे का सफल अनावरण किया।
पुलिस ने अभियुक्त मोहित पुत्र निर्भय सिंह निवासी आदित्य पुरी थाना खतौली को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक पिस्टल 32 बोर मय खोखा कारतूस और घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज बरामद की गई है।मामला तब दर्ज हुआ था जब मोनिका पत्नी निर्भय सिंह निवासी आदित्य पुरी ने थाना खतौली में तहरीर दी थी कि उनके पुत्र मोहित को मोहल्ले के ही रोहित पुत्र तोताराम निवासी गीतापुरी और अस्मित निवासी ग्राम भैंसी ने गाली-गलौच कर गोली मार दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।जांच के दौरान जब घायल मोहित से गहराई से पूछताछ की गई तो उसने सच्चाई स्वीकार कर ली। मोहित ने बताया कि उसे रास्ते में एक पॉलिथीन में बंद पिस्टल मिली थी, जिसमें मैगजीन नहीं थी। उसने बैकरी के पास खड़े होकर उस पिस्टल में कारतूस डालने का प्रयास किया और उसी दौरान गलती से गोली चल गई, जो उसके पैर में लग गई। डर के कारण उसने अपने पुराने रंजिश वाले परिचितों रोहित और अस्मित पर झूठा आरोप लगाकर कहानी बना दी। बाद में उसने अपनी मां को भी यही बात बताई और मुकदमा दर्ज हो गया।थाना प्रभारी दिनेश बघेल ने बताया कि पूछताछ में मोहित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से पिस्टल और खोखा कारतूस बरामद कर लिया है। बरामद सीसीटीवी फुटेज में भी किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने के साक्ष्य नहीं मिले।गिरफ्तार मोहित पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े कई अपराध दर्ज हैं। इस कार्यवाही में उपनिरीक्षक तेजवीर सिंह, प्रताप सिंह, अनुपम सरस्वत, मुख्य आरक्षी धीरेन्द्र और आरक्षी अंजीत सिंह की विशेष भूमिका रही।थाना प्रभारी दिनेश बघेल ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम ने बेहद तत्परता और सतर्कता के साथ साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई उजागर की है।
