खंडेलवाल ने व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार

नई दिल्ली, 25 जून (हि.स)। चांदनी चौक के सांसद और कन्‍फेडेरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्‍ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने बुधवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा “दिल्ली व्यापारी कल्याण बोर्ड” के गठन के निर्णय का स्वागत किया और उनका आभार जताया।

खंडेलवाल ने कहा कि दिल्‍ली सरकार का यह कदम न केवल राजधानी दिल्ली के लाखों व्यापारियों के लिए आशा की एक नई किरण लेकर आया है, बल्कि यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “सशक्त व्यापारी-समृद्ध भारत” के विजन को साकार करने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की डबल इंजन सरकार व्यापारियों के हित में जो कार्य कर रही है, वह अद्वितीय है। यह नया बोर्ड व्यापारियों की सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, बीमा, वित्तीय सहायता तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं को व्यवस्थित और पारदर्शी रूप से लागू करने का माध्यम बनेगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली को ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और निवेश के लिए देश की सबसे अनुकूल राजधानी बनाने की दिशा में यह एक बड़ा मील का पत्थर सिद्ध होगा। इससे व्यापर के नए अवसर बनेंगे और दिल्ली व्यापार का सबसे बड़ा हब बनेगा। इसके अलावा छोटे से लेकर बड़े व्यापारियों तक सभी की समस्याओं का स्थायी समाधान इस बोर्ड के माध्यम से संभव हो सकेगा।

खंडेलवाल ने निर्णय के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उद्योग मंत्री तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के सभी संबंधित विभागों का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि यह पहल दिल्ली को एक व्यापार-अनुकूल, पारदर्शी और रोजगार-सृजक राजधानी बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights