किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में धर्म परिवर्तन और लव जिहाद का मामला थमने वाला नहीं है। पीड़ित महिला डॉक्टर ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है। सीएम योगी ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का पूरा भरोसा दिलाया है। साथ ही अधिकारियों को भी फटकार लगाई है।
पीड़ित परिवार ने सीएम योगी से मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात की है। इस दौरान पीड़िता के पिता भी मौजूद थे। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना दुख साझा किया है। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अगर कोई इसमें अन्य भी शामिल होगा तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सीएम योगी ने जिम्मेदार अधिकारियों को इस मामले में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री से पीड़िता की हुई मुलाकात को गुप्त रखा गया है। हालांकि केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने मुलाकात होने की पुष्टि कर दी है।
बता दें, केजीएमयू में कार्यरत डॉ. रमीज पर महिला डॉक्टर ने अति गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि डॉ. रमीज शादीशुदा था, लेकिन धोखा से महिला डॉक्टर को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। जब महिला डॉक्टर ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगा था। इससे आहत होकर महिला डॉक्टर ने आत्महत्या करने की कोशिश की थी। इसके बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया। सीएम योगी ने पीड़िता से फोन पर बात की थी जिसके बाद आरोपी डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। केजीएमयू प्रशासन की ओर से बताया गया कि पुलिस इस मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच कर रही है। प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, ये कहना पूर्णतः तथ्यहीन है और सरकार की छवि धूमिल करना का कुत्सित प्रयास है।
