जय प्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर बुधवार को लखनऊ में जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (JPNIC) पर जोरदार हंगामा हुआ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ माल्यार्पण करने के लिए यहां पहुंचे, लेकिन इसके पहले ही एलडीए ने जेपीएनआईसी के मेन गेट पर ताला जड़ दिया। जिसके बाद अखिलेश जेपीएनआईसी का गेट फांदकर अंदर गए। इसके बाद से भाजपा नेता अखिलेश पर तंज कस रहे है। इसी बीच अब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ‘जब उन्हें वहां जाने की इजाजत नहीं थी तो फिर क्यों गए, ‘क्या नौटंकी करने गए थे।’
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘जब किसी प्रतिष्ठान के निर्माण का कार्य चल रहा हो और वहां पर इस तरह का कार्यक्रम करने की इजाजत नहीं मिली हो तो उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रहते हुए भी वो क्या नौटंकी करने गए थे। आज वो बताएं कि जिस कांग्रेस की गोद में वो बैठे हुए हैं, उन्हें जेपी जी के चरणों में भी श्रद्धांजलि अर्पित करने का हक नहीं है। अगर वो कांग्रेस की गोद में बैठे हैं, जिसने देश में आपातकाल लगाने का काम किया है, इमरजेंसी थोपने का काम किया है और लोकतंत्र की हत्या की है।’
केशव मौर्य ने यह भी कहा कि ‘अखिलेश यादव की प्रदेश की सत्ता चली गई है, देश की सत्ता उनके हाथ आने नहीं वाली। अब वो बेचैन है, इसलिए वो नाटक करते रहते है कि मीडिया उन्हें दिखाती रहे। अखिलेश यादव को इतनी समझ होनी चाहिए, सरकार के मुखिया रहे हैं कि अगर अनुमति हो तो जाते, नहीं थी तो अपने कार्यालय में ही मनाते, लेकिन वो मनाने का अधिकार उनको नैतिक रूप से है नहीं क्योंकि आपातकाल के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले, उनकी विचारधारा के विरुद्ध, कांग्रेस की गोद में अखिलेश यादव बैठ गए हैं, इसलिए ये लड़ाई लड़ने का उन्हें अधिकार नहीं है।
