मुजफ्फरनगर। अपराधियों पर नकेल कसने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस ने शनिवार को बड़ा एक्शन लिया। जिले में चल रहे किरायेदार एवं घरेलू/व्यावसायिक नौकर सत्यापन अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल खुद कस्बा शाहपुर पहुंचे और मौके पर ही सत्यापन कराकर लोगों को चौंका दिया।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पूरे जिले में सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में SP ग्रामीण बंसल ने शाहपुर में अचानक पहुंचकर मकान मालिकों, दुकानदारों और व्यापारियों से बातचीत की। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि—
“किरायेदार व नौकरों का समय से सत्यापन न कराना सुरक्षा के लिए बड़ी चूक है। ऐसी लापरवाही शहर में असामाजिक तत्वों को पनाह देती है।”

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कई मकान मालिकों से मौके पर ही फॉर्म भरवाए और उन्हें जागरूक किया कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी तरह सरल और निःशुल्क है, लेकिन इसके बावजूद लोग इसे गंभीरता से नहीं लेते। पुलिस ने कहा कि सत्यापन में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे कार्रवाई भी की जा सकती है।

SP ग्रामीण ने जनता से अपील करते हुए कहा कि
“किसी भी व्यक्ति को किराए पर कमरा देने या नौकर रखने से पहले उसका पूरा सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। इससे अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।”

पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से कस्बे में हड़कंप जैसा माहौल देखने को मिला। कई लोगों ने मौके पर ही अपने किरायेदारों और नौकरों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराई। पुलिस का कहना है कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सत्यापन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights