बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं अधिकारों पर दिया गया विशेष जोर
मुज़फ्फरनगर।
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस 2025 के अवसर पर जनपद में विभिन्न शिक्षण संस्थानों में बालिकाओं के सम्मान में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम ‘मैं लड़की हूं, मैं बदलाव का नेतृत्व करती हूं, संकट की अग्रिम पंक्ति में लड़कियां’ रही, जो बालिकाओं की दृढ़ता, नेतृत्व क्षमता और सशक्तिकरण पर केंद्रित है।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमलकिशोर देशभूषण के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के मार्गदर्शन में डॉ. राजीव कुमार (सदस्य, पीसीपीएनडीटी जिला सलाहकार समिति) द्वारा सनातन धर्म इंटर कॉलेज, मुज़फ्फरनगर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाशाली बालिकाओं को पगड़ी एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं डी एस पब्लिक स्कूल, मुज़फ्फरनगर में आयोजित क्विज़ प्रतियोगिता में सफल बालिकाओं को डॉ. राजीव कुमार, भारत भूषण, रेणु गर्ग, अमित सैनी एवं अनुज कुमार द्वारा उपहार भेंटकर उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में भारत स्काउट और गाइड, उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने बालिकाओं को उपहार भेंट किए और विद्यालय प्रबंधक गगन शर्मा, प्रधानाचार्य संदीप दीक्षित एवं कोऑर्डिनेटर को सम्मानित कर आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद मुज़फ्फरनगर की अध्यक्ष मिनाक्षी स्वरूप ने बालिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और पोषण पर ध्यान देना ही समाज की असली प्रगति है।’ कार्यक्रम में अमित सैनी, भारत भूषण अरोरा, रेणु गर्ग, अनुज कुमार, प्रमोद कुमार प्रधानाचार्य, गया प्रसाद प्रजापति, अरविंद कुमार, रीना यादव, रचना रावत, दीपा सोनी व मोनिका रानी (प्रधानाचार्य) सहित कई शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2012 से हर साल 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य दुनियाभर में बालिकाओं को शिक्षा, पोषण, समान अधिकार और हिंसा से सुरक्षा प्रदान करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आज बालिकाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, परंतु अब भी सामाजिक कुरीतियां और भेदभाव उनके रास्ते की बाधा बने हुए हैं। शिक्षित बालिका हर बाधा को पार कर समाज में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।
