सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम को लेकर मेटा ने एक बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। कंपनी के मुताबिक 8 मई से इंस्टाग्राम के डायरेक्ट मैसेज (DM) में एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन (E2EE) फीचर को हटा दिया जाएगा। इस बारे में मेटा ने अपने आधिकारिक ब्लॉग पोस्ट के माध्यम से जानकारी साझा की है।
अब पहले की तरह पूरी तरह प्राइवेट नहीं रहेंगी चैट्स
एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन हटने के बाद इंस्टाग्राम पर की जाने वाली निजी बातचीत पहले की तरह पूरी तरह प्राइवेट नहीं रहेगी। इस फीचर के दौरान चैट को केवल संदेश भेजने वाला और प्राप्त करने वाला ही पढ़ सकता था। यहां तक कि मेटा कंपनी भी इन मैसेज को एक्सेस नहीं कर पाती थी। लेकिन इस बदलाव के बाद जरूरत पड़ने पर कंपनी इन चैट्स तक पहुंच बना सकेगी।
दिसंबर 2023 में शुरू किया गया था यह फीचर
इंस्टाग्राम में एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन फीचर को दिसंबर 2023 में जोड़ा गया था। मेटा ने यह फीचर व्हाट्सऐप की तरह इंस्टाग्राम और फेसबुक मैसेंजर के लिए भी शुरू किया था, ताकि यूजर्स की निजी बातचीत सुरक्षित रह सके।
पुरानी चैट्स और मीडिया डाउनलोड करने का विकल्प
मेटा ने यह भी बताया है कि यदि यूजर्स अपनी पुरानी बातचीत या निजी मीडिया को सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो वे उसे डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए यूजर्स को अपने इंस्टाग्राम ऐप को लेटेस्ट वर्जन में अपडेट करना होगा और दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा।
क्या फेसबुक मैसेंजर में भी होगा ऐसा बदलाव?
इंस्टाग्राम में इस बदलाव के बाद कई यूजर्स के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या भविष्य में फेसबुक मैसेंजर से भी एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन हटाया जाएगा। हालांकि फिलहाल इस बारे में मेटा की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
चाइल्ड सेफ्टी को लेकर उठे थे सवाल
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन को लेकर कई देशों में सवाल उठ रहे थे। खासकर अमेरिका और यूनाइटेड किंगडम की सरकारी एजेंसियों ने चाइल्ड सेक्सुअल अब्यूज मटेरियल (CSAM) से जुड़े मामलों को पहचानने के लिए इस फीचर को हटाने की मांग की थी।
अब अब्यूजिव चैट्स पर हो सकेगा एक्शन
सोशल मीडिया पर कई बार अनजान लोग बच्चों के साथ इंस्टाग्राम DM के जरिए आपत्तिजनक या गलत बातचीत करते थे। एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन होने की वजह से इन चैट्स को एक्सेस करना संभव नहीं था, जिससे कार्रवाई करना मुश्किल हो जाता था। लेकिन इस फीचर के हटने के बाद यदि ऐसी किसी बातचीत की शिकायत की जाती है, तो मेटा उसे जांच कर जरूरी कार्रवाई कर सकेगा।
