indraj-inaugurated-development

नई दिल्ली, 21 फ़रवरी । दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने आज कुतुबगढ़ और मुंगेशपुर गांवों सहित क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर विकास कार्यों का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया।

कुतुबगढ़ गांव में दिल्ली ग्राम विकास फंड के अंतर्गत शमशान घाट रोड एवं नालियों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। साथ ही नए फिरनी रोड एवं नालियों के निर्माण कार्य का उद्घाटन तथा पुराने फिरनी रोड एवं नालियों के निर्माण कार्य का भी उद्घाटन किया गया। इसके अतिरिक्त पुठ खुर्द में गंगा टोली रोड एवं नालों के विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया गया। वहीं, मुंगेशपुर गांव में दिल्ली ग्राम विकास फंड द्वारा नहर वाले रोड के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर मंत्री द्राज सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए कभी फंड की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ये शिलान्यास केवल ईंट और पत्थर का प्रतीक नहीं, बल्कि क्षेत्र के नागरिकों के विश्वास, सुविधाओं और बेहतर जीवन की मजबूत नींव हैं।

मंत्री इंद्राज सिंह ने बताया कि सड़कों, नालियों, ड्रेनेज सिस्टम, पार्कों, सामुदायिक स्थलों और अन्य नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़े अनेक कार्य आगामी समय में भी किए जाएंगे। ग्रामीण और शहरी इलाकों को जोड़ने वाले मार्गों के निर्माण से कनेक्टिविटी बेहतर होगी, आवागमन सुगम बनेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय नागरिकों को घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आरोग्य मंदिर भी निरंतर खोले जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त नई पाइपलाइन और ट्यूबवेल की स्थापना से जल आपूर्ति को सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे पानी की समस्या से राहत मिलेगी।

मंत्री इंद्राज ने कहा कि वर्षों तक ग्रामीण क्षेत्रों को केवल घोषणाओं तक सीमित रखा गया, जिससे सड़क, जल निकासी और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाएं उपेक्षित रहीं। वर्तमान सरकार का लक्ष्य गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए गली, मोहल्ले और गांव स्तर तक समान रूप से विकास पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन कार्यों के पूर्ण होने से बवाना विधानसभा क्षेत्र विकास, सुविधा और विश्वास का सशक्त मॉडल बनकर उभरेगा। सरकार जनता के सहयोग से दिल्ली को आधुनिक, समावेशी और आत्मनिर्भर राजधानी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights