पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि हरदीप सिंह पुरी ने राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में पेट्रोलियम खेल संवर्धन बोर्ड (पीएसपीबी) द्वारा दिल्ली सॉकर एसोसिएशन और सुदेवा अकादमी के सहयोग से यहां आयोजित एक कार्यक्रम में ये बात कही।

भारत के खेल क्षेत्र में आए बदलाव पर प्रकाश डालते हुए पुरी ने कहा, “2014 के बाद, भारत को एक ‘खेल राष्ट्र’ बनाने के लिए ठोस प्रयास किए गए हैं। अब होनहार युवाओं को न केवल वित्त पोषण के मामले में, बल्कि पोषण, खेल विज्ञान और कोचिंग सहित संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र के विकास में भी, उच्च स्तरीय सफलता प्राप्त करने के लिए भरपूर समर्थन मिल रहा है।” उन्होंने कहा कि संसद के पिछले सत्र में जो केवल एक हफ्ते पहले ही संपन्न हुआ है, ऐतिहासिक राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक, 2025 पारित किया गया है, जिसका उद्देश्य खेल महासंघों और निकायों के प्रशासनिक ढांचे में सुधार करना है – जिससे जवाबदेही बढ़ेगी।

पीएसपीबी के योगदान को स्वीकार करते हुए पुरी ने कहा, “इस परिवर्तन को सुनिश्चित करने में मदद करने वाले कई हितधारकों में, पीएसपीबी का विशेष उल्लेख किया जाना चाहिए, जो देश में सबसे बड़े खेल संवर्धन निकायों में से एक है, जिसमें 16 सदस्य संगठन शामिल हैं तथा यह 19 खेल विधाओं में प्रतियोगिताओं का समर्थन और आयोजन करता है।”

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने कहा, “परिणाम इन परिवर्तनकारी नीतियों की सफलता को दर्शाते हैं। पिछले दस वर्षों ने यह साबित कर दिया है: 2023 एशियाई खेलों और 2024 पैरा एशियाई खेलों में, हमने क्रमशः 107 और 29 पदक (7 स्वर्ण, 9 रजत और 13 कांस्य) के रिकॉर्ड हासिल किए।”

उल्‍लेखनीय है कि 29 अगस्त को भारत का राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है क्योंकि यह भारतीय हॉकी के दिग्गज मेजर ध्यानचंद की जयंती है। इस अवसर पर पीएसपीबी की सदस्य सचिव सबीना चौधरी और सुदेवा दिल्ली एफसी के अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights