indias-impressive-start-at-the-2025-deaflympics

23 वर्षीय धनुष ने फाइनल में 252.2 अंक बनाते हुए डेफ फाइनल वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया और स्वर्ण पदक जीता। भारत के ही मोहम्मद मुर्तजा वानिया ने 250.1 अंक के साथ रजत पदक अपने नाम किया। कोरिया के बेक सेउंघाक को 223.6 अंक के साथ कांस्य पदक मिला।

धनुष ने क्वालिफिकेशन राउंड में 630.6 अंक बनाए थे। मुर्तजा 626.3 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। धनुष ने इससे पहले 2022 में आयोजित कैक्सियास डू सुल डेफलिंपिक्स में व्यक्तिगत और मिक्स्ड टीम दोनों में स्वर्ण जीता था।

भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) मीडिया ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ”टोक्यो में डेफलिंपिक्स 2025 में भारत ने शानदार अंदाज में पदकों का खाता खोला। शूटिंग में एयर राइफल पुरुष में धनुष श्रीकांत ने 252.2 के डेफ फाइनल विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि मोहम्मद मुर्तजा वानिया ने 250.1 अंक के साथ रजत पदक जीता, जिससे भारत को शुरुआत में ही शानदार डबल पोडियम फिनिश मिली। चांदी की चमक के साथ एक स्वर्णिम शुरुआत और हम देश के लिए और भी पदक जीतने की कामना करते हैं।”

महिला वर्ग में महित संधू को रजत, कोमल को कांस्य

महिला 10 मीटर एयर राइफल में भारत की महित संधू ने 250.5 अंक के साथ रजत पदक जीता। भारत की कोमल वाघमारे ने 228.3 अंक के साथ कांस्य हासिल किया। यूक्रेन की वायोलेटा लिकोवा ने 252.4 अंक के विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता।

साई मीडिया ने एक्स पर लिखा कि टोक्यो में हो रहे डेफलिंपिक्स 2025 में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी। एयर राइफल महिला स्पर्धा में महित संधू ने 250.5 के शानदार स्कोर के साथ रजत और कोमल वाघमारे ने 228.3 के शानदार स्कोर के साथ कांस्य जीता। भारत के लिए यह एक गौरवपूर्ण दोहरा प्रदर्शन है क्योंकि हमारे निशानेबाजों ने सटीकता, संयम और विश्वस्तरीय प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights