भारतीय महिला हॉकी टीम एशिया कप में थाईलैंड के खिलाफ करेगी अपने अभियान की शुरुआत

नई दिल्ली, 04 जून (हि.स.)। भारतीय महिला हॉकी टीम एशिया कप 2025 में अपने अभियान की शुरुआत 5 सितंबर को थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले से करेगी। यह टूर्नामेंट 5 से 14 सितंबर के बीच चीन के हांगझोऊ में होगा। भारत को पूल-बी में रखा गया है, जिसमें गत चैंपियन जापान, थाईलैंड और सिंगापुर की टीमें भी शामिल हैं। पूल-ए में मेचबान चीन के साथ कोरिया, मलेशिया और चीनी ताइपे की टीमें शामिल हैं।

टीम इंडिया पिछली बार ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफल रही थी, लेकिन इस बार उसकी निगाहें स्वर्ण पदक पर होंगी। खास बात यह है कि एशिया कप का खिताब जीतने वाली टीम को 2026 महिला एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप के लिए सीधी क्वालिफिकेशन मिलेगी, जो टूर्नामेंट की अहमियत को और भी बढ़ा देता है।

कप्तान सलीमा टेटे उत्साहित

हॉकी इंडिया की ओर से जारी बयान में भारतीय कप्तान सलीमा टेटे ने कहा, “हम एशिया कप अभियान को लेकर बेहद उत्साहित हैं। जापान जैसी मजबूत टीम के साथ पूल में होना हमारे कौशल और मानसिक मजबूती की परीक्षा लेगा, लेकिन यह हमारे लिए एक शानदार मौका भी होगा कि हम शुरू में ही अपनी स्थिति आंक सकें। हमारा फोकस स्मार्ट और अनुशासित हॉकी खेलने पर रहेगा। हमारा लक्ष्य ट्रॉफी जीतना और वर्ल्ड कप में जगह पक्की करना है।”

उपकप्तान नवनीत कौर ने बताया तैयारी का मंत्र

टीम की उपकप्तान नवनीत कौर ने कहा, “यह टूर्नामेंट चुनौतीपूर्ण रहेगा, क्योंकि एशिया की शीर्ष टीमें आमने-सामने होंगी। हम इसे एक मौके की तरह देख रहे हैं कि अपनी पूरी ताकत मैदान पर दिखा सकें। हमने कठिन ट्रेनिंग की है और हर प्लान को सही तरीके से लागू करने की कोशिश करेंगे। जापान के खिलाफ पूल मुकाबला हमारे आत्मविश्वास को और बढ़ाएगा।”

2017 में भारत बना था एशिया कप चैंपियन

भारतीय महिला हॉकी टीम ने पिछली बार 2017 में एशिया कप का खिताब जीता था, जब उसने फाइनल में चीन को हराया था। इसके बाद से टीम लगातार मजबूत होती जा रही है और इस बार एक बार फिर खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।

एशिया कप 2025 में भारत के पूल-बी मुकाबले:

5 सितंबर 2025: भारत बनाम थाईलैंड

6 सितंबर 2025: जापान बनाम भारत

8 सितंबर 2025: भारत बनाम सिंगापुर

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights