नई दिल्ली। विशाखापट्टनम में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीत ली। भारतीय कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया, जिसे गेंदबाजों ने पूरी तरह सही साबित किया। कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-4 विकेट झटके और मेहमान टीम को 270 रन पर रोक दिया। दक्षिण अफ्रीका की पारी में क्विंटन डी कॉक ने शतक लगाया, जबकि कप्तान टेम्बा बावुमा ने 48 रन जोड़े। डेवाल्ड ब्रेविस और मैथ्यू ब्रीट्जकी ने भी उपयोगी पारियां खेलीं, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उनकी टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी।

271 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने दमदार शुरुआत की। रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 155 रनों की साझेदारी कर मैच को एकतरफा बना दिया। रोहित 75 रन बनाकर आउट हुए और इसी पारी के साथ उनके अंतरराष्ट्रीय करियर में 20 हजार रन भी पूरे हो गए।

दूसरी ओर युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल ने 111 गेंदों पर शानदार शतक जड़ा और नाबाद लौटे। विराट कोहली ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 40 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 116* रनों की साझेदारी कर 40वें ओवर में टीम इंडिया को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। कोहली ने लुंगी एनगिडी की गेंद पर लगातार दो चौके जड़कर भारत को जीत दिलाई। दक्षिण अफ्रीका की ओर से एकमात्र विकेट केशव महाराज को मिला। इस जीत के साथ भारत ने वनडे सीरीज अपने नाम कर ली। अब दोनों टीमें 9 दिसंबर से शुरू हो रही पांच मैचों की टी-20 सीरीज में आमने-सामने होंगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights