india-russia-summit-preparations-reviewed

जयशंकर सोमवार को रूस की तीन दिन की यात्रा पर राजधानी मास्को पहुंचे। उन्होंने एक्स पर लिखा, ” आज मास्को में विदेशमंत्री सर्गेई लावरोव से मिलकर खुशी हुई। व्यापार और निवेश, ऊर्जा, गतिशीलता, कृषि, प्रौद्योगिकी, संस्कृति और लोगों के बीच आदान-प्रदान सहित हमारी द्विपक्षीय साझेदारी पर चर्चा हुई।”

जयशंकर ने कहा कि हम दोनों ने क्षेत्रीय, वैश्विक और बहुपक्षीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। इसके अलावा 23वें वार्षिक भारत-रूस शिखर सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की।

रूस यात्रा के दौरान जयशंकर शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की राष्ट्राध्यक्ष परिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे। रूस पहुंचने पर हवाई अड्डे पर उनका स्वागत भारत के राजदूत विनय कुमार और रूसी विदेश मंत्रालय के द्वितीय एशिया विभाग के निदेशक एलेक्सी पावलोवस्की ने किया।

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास की रिपोर्ट के अनुसार, जयशंकर और लावरोव के रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की नई दिल्ली यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा करने की संभावना है। पुतिन के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ वार्षिक शिखर वार्ता के लिए पांच दिसंबर के आसपास भारत पहुंचने की उम्मीद है। पुतिन ने इससे पहले 2021 में नई दिल्ली की यात्रा की थी।

तास की रिपोर्ट के अनुसार, जयशंकर मंगलवार को एससीओ की राष्ट्राध्यक्ष परिषद की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रपति पुतिन के भी इस बैठक को संबोधित करने की संभावना है। जयशंकर बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कजान और एकातेरिनबर्ग में दो नए भारतीय वाणिज्य दूतावासों का उद्घाटन करेंगे। रूस के सेंट पीटर्सबर्ग और व्लादिवोस्तोक में पहले से ही भारत के वाणिज्य दूतावास हैं।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights