भारत ए बनाम इंग्लैंड लायंस: कोटियन-कंबोज की शानदार साझेदारी, दूसरा अनौपचारिक टेस्ट ड्रॉ

नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। भारत ए ने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दूसरा अनौपचारिक टेस्ट सकारात्मक अंदाज में समाप्त किया। मुकाबला ड्रॉ रहा, लेकिन अंतिम दिन भारत की बल्लेबाजी और गेंदबाजी ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया। अंतिम दिन भारत ए ने सिर्फ तीन विकेट खोकर 254 रन बनाए और कुल स्कोर 417/7 तक पहुँचते ही पारी घोषित कर दी।

मैच का सबसे बड़ा आकर्षण रहा तनीष कोटियन (नाबाद 90) और अंशुल कंबोज (नाबाद 51) के बीच आठवें विकेट के लिए हुई 149 रनों की बेमिसाल साझेदारी। इस जोड़ी ने इंग्लैंड लायंस के गेंदबाजों को पूरी तरह थका दिया और भारत की पकड़ को मजबूत किया।

दिन की शुरुआत नितीश रेड्डी और ध्रुव जुरेल ने की। शुरुआती परेशानियों के बावजूद जुरेल ने दो चौके लगाकर लय हासिल की, लेकिन वे 28 रन बनाकर एडी जैक की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद शार्दुल ठाकुर और नितीश रेड्डी ने आक्रामक रुख अपनाया। ठाकुर ने फारहान अहमद की गेंदों पर लगातार दो छक्के लगाए, वहीं नितीश ने 42 रन बनाए। दोनों बल्लेबाज लंच से पहले जॉर्ज हिल का शिकार बने।

लंच के बाद कोटियन और कंबोज ने मोर्चा संभाला। कोटियन ने फारहान को छक्का लगाकर खाता खोला और उसके बाद दोनों बल्लेबाजों ने लगातार चौके-छक्कों की बारिश की। कोटियन ने सिर्फ 60 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, वहीं कंबोज ने भी चाय से पहले छक्का लगाकर अपना पचासा पूरा किया। इसके बाद भारत ने पारी 417/7 पर घोषित कर दी।

चाय के बाद के एक घंटे के खेल में 11 ओवर डाले गए जिसमें भारत ए के गेंदबाजों ने इंग्लैंड लायंस को दबाव में ला दिया। तुषार देशपांडे ने टॉम हेंस को नितीश रेड्डी के हाथों कैच कराया। इसके बाद अंशुल कंबोज ने एक ही ओवर में एमिलियो गे और जॉर्डन कॉक्स को आउट कर विपक्षी टीम को हिला दिया। इंग्लैंड लायंस ने तीन विकेट पर 32 रन बनाए थे जब मैच समाप्त घोषित किया गया।

संक्षिप्त स्कोर: भारत ए: 348 और 417/7 घोषित (तनीष कोटियन 90*, अभिमन्यु ईश्वरन 80, केएल राहुल 51; जॉर्ज हिल 3/64)

इंग्लैंड लायंस: 327 और 32/3 (बेन मैककिनी 16*, अंशुल कंबोज 2/6, तुषार देशपांडे 1/13)

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights