मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। थाना गागलहेड़ी पुलिस ने मात्र 14 घंटे में सवारी से हुई लूट का खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से नकदी, बैग, बैंक पासबुक, घटना में प्रयुक्त टैम्पू और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।थाना प्रभारी प्रवेश कुमार शर्मा ने बताया कि वादी मांगे राम सिंह पुत्र मंगल सिंह निवासी हरियाबांस ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सोमवार की शाम को घर लौटते समय अज्ञात टैम्पू चालक और उसके दो साथियों ने रास्ते में टैम्पू रोककर उनके हाथ से बैग छीन लिया, जिसमें नकद रुपये और कोऑपरेटिव बैंक की पासबुक थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
जिसके बाद थाना प्रभारी प्रवेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दया शुगर मिल के सामने हरियाबांस ओवरब्रिज के पास कच्चे रास्ते से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आलम पुत्र जमील अहमद निवासी ग्राम उग्राहू, शावेज पुत्र इमरान निवासी धनकटी कैलाशपुर, और हारुन पुत्र सलीम निवासी नूर मस्जिद कैलाशपुर थाना गागलहेड़ी, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। इनके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो नाजायज चाकू, लूटे गए 2000 रुपये में से बचे 1510 रुपये, एक बैग, बैंक पासबुक और टैम्पू बरामद किया गया।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे के लिए पैसे न होने के कारण उन्होंने लूट की वारदात की योजना बनाई थी। भगवानपुर तिराहे से सवारी बैठाकर हरियाबांस जाते समय उन्होंने जंगल के पास टैम्पू रोककर वादी से रुपये और सामान लूट लिया था।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी प्रवेश कुमार, उपनिरीक्षक राकेश शर्मा, उपनिरीक्षक रामचरन सिंह, हेड कॉन्स्टेबल विपिन कुमार, हेड कॉन्स्टेबल निशांत और हेड कॉन्स्टेबल राकेश राणा शामिल रहे। थाना गागलहेड़ी पुलिस की इस तत्परता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
