मनीष अग्रवाल

सहारनपुर। दीपावली से पहले पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गंगोह क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मिशन शक्ति एण्टीरोमियो टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जिले में अवैध रूप से पटाखे बनाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक पीयूष दीक्षित के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस ने आलमपुर तिराहा के पास (सराय मखदूम के निकट) मोहल्ले की तरफ जाने वाले रास्ते से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान मुर्सलीन उर्फ आदिल पुत्र अम्मार अहमद निवासी मोहल्ला मोहम्मद गौरी, थाना गंगोह और आस मोहम्मद पुत्र नसीम निवासी मोहल्ला अशरफ अली, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से लगभग 300 किलो से अधिक विस्फोटक सामग्री बरामद हुई, जिसमें 5,000 सूतली बम, 750 बड़े सूतली बम, 32 डिब्बे फायरवर्क रेपर, 12 किलो झिलमिल बत्ती, 27 किलो एल्यूमिनियम पाउडर, 7 किलो सफेद विस्फोटक पाउडर, 50 किलो सुतली रोल, 140 किलो पटाखा नली और अन्य पटाखा निर्माण सामग्री शामिल है।गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे अवैध रूप से पटाखों का निर्माण करते थे और इन्हें अपने साथियों व वितरकों के माध्यम से शादी-विवाह और त्योहारों में बेचते थे, जिससे उन्हें अच्छी आमदनी हो जाती थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक पीयूष दीक्षित, उपनिरीक्षक अतुल कुमार, दीपक राठी, आदित्य भाटी, शुभम शर्मा, महिला उपनिरीक्षक वर्षा कुशवाह, हेड कांस्टेबल अजीत मलिक, राहुल तोमर, तथा कांस्टेबल रिंकू कुमार और सविन कुमार शामिल रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights