उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के बिठूर इलाके से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां के ‘राजा नर्सिंग होम’ में डॉक्टरों और स्टाफ की घोर लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। वार्मर मशीन का तापमान बढ़ने के कारण एक नवजात बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई।

मशीन चलाकर भूल गया स्टाफ
रविवार शाम अरुण निषाद की पत्नी शालू ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था। जन्म के बाद नर्सों ने बच्ची को ठंड से बचाने के लिए आईसीयू की वार्मर मशीन में रखा। आरोप है कि स्टाफ मशीन चालू करके उसकी निगरानी करना भूल गया। मशीन इतनी गर्म हो गई कि मासूम का कोमल शरीर झुलस गया और उसका शरीर काला पड़ गया।

जबरन घुसे परिजन तो फटी रह गई आंखें
जब काफी देर तक परिजनों को बच्ची से मिलने नहीं दिया गया, तो उन्हें शक हुआ। परिजन जबरन आईसीयू के अंदर घुसे, जहाँ का नजारा देख उनकी चीख निकल गई। मासूम बच्ची का सिर और हाथ बुरी तरह जल चुके थे। घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया और डॉक्टर विवेक मिश्रा समेत पूरा स्टाफ अस्पताल छोड़कर भाग निकला।

पुलिस का एक्शन, अस्पताल सील
डीसीपी एसएम कासिम आबिदी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस ने अस्पताल के आईसीयू को सील कर दिया है और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

सदमे में परिवार
यह अरुण की पहली संतान थी। सबसे दुखद बात यह है कि बच्ची की मां शालू अभी भी अस्पताल में भर्ती है और उसे अपनी बच्ची की मौत की खबर तक नहीं दी गई है। पूरा परिवार इंसाफ की गुहार लगा रहा है और अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने की मांग कर रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights