देहरादून, 30 अक्टूबर । आईसीएआर-भारतीय मृदा एवं जल संरक्षण संस्थान, देहरादून की ओर से दो नवविकसित गेहूं की किस्मों–डीबीडब्ल्यू 371 और डीबीडब्ल्यू 372 के ट्रुथफुल लेबल बीज देहरादून जनपद के रायपुर ब्लॉक के किसानों को गुरुवार को वितरित किए गए। ये किस्में आईसीएआर–भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान, करनाल, हरियाणा की ओर से विकसित की गई हैं और इन्हें उत्तर भारत के लिए अनुशंसित किया गया है।

परियोजना के प्रमुख अन्वेषक एवं प्रधान वैज्ञानिक डॉ. बांके बिहारी ने किसानों को इन किस्मों के लाभों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि इन किस्मों में उच्च आनुवंशिक क्षमता, अधिक उत्पादन, पोषक गुणवत्ता, रोग प्रतिरोधक क्षमता, कम गिरने की प्रवृत्ति तथा क्षेत्रीय अनुकूलता जैसी विशेषताएं हैं। इन किस्मों से मैदानी क्षेत्रों में 75–85 क्विंटल प्रति हेक्टेयर और देहरादून क्षेत्र में 40–50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक उपज प्राप्त की जा सकती है, जबकि स्थानीय किस्मों से सामान्यतः केवल 15–18 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन मिलता है। साथ ही, इन किस्मों से अनाज के बराबर मात्रा में भूसा भी प्राप्त होता है, जो पशुपालन हेतु चारे की आवश्यकता पूरी करने में सहायक होगा।

पीएमई एवं नॉलेज मैनेजमेंट यूनिट के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एम. मुरुगानंदम ने गुणवत्तापूर्ण बीज और कृषि इनपुट्स के महत्व पर बल दिया। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे अपनी फसल से अगली बुवाई के लिए बीज सुरक्षित रखें, क्योंकि इन किस्मों में उच्च उत्पादन क्षमता, बेहतर प्रोटीन सामग्री होती है और ये सामान्य बाजार में आसानी से उपलब्ध नहीं हैं। आईआईएसडब्ल्यूसी के वैज्ञानिक डॉ. अभिमन्यु झाझरिया ने इन नई किस्मों को अपनाने से होने वाले आर्थिक और सामाजिक लाभों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि पिछले तीन वर्षों में क्षेत्र में वितरित की गई उन्नत गेहूं किस्में जैसे उन्नत पीबीडब्ल्यू 343 (सिंचित क्षेत्रों के लिए) तथा डीबीडब्ल्यू 222, डीबीडब्ल्यू 303, डीबीडब्ल्यू 187, वीएल 967 और वीएल 953 (वर्षा आधारित क्षेत्रों के लिए) सफलतापूर्वक स्थापित हो चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में लगभग 80 फीसदी बीज प्रतिस्थापन दर प्राप्त हुई है। बीज वितरण कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक लाभार्थी किसान के साथ एक व्यक्तिगत समझौता किया गया, ताकि बीजों का वैध उपयोग एवं पुनः उत्पादन के लिए खरीद-फरोख्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। किसानों ने नई किस्मों को अपनाने के प्रति गहरी रुचि और उत्साह दिखाया। आईआईएसडब्ल्यूसी के वैज्ञानिकों और कर्मचारियों की ओर से स्थानीय कृषि उत्पादन में सुधार के किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि गेहूं की ये किस्में उत्तराखंड के सिंचित एवं वर्षा आधारित दोनों प्रकार के क्षेत्रों के लिए उपयुक्त हैं। यह वितरण कार्यक्रम किसान प्रथम परियोजना के अंतर्गत आईसीएआर-आईआईएसडब्ल्यूसी, देहरादून में आयोजित किया गया। इस अवसर पर लगभग 50 किसानों को प्रत्येक को 20 किलोग्राम बीज परीक्षण के रूप में प्रदान किए गए। इस अवसर पर कुशल पाल सिंह, फार्मर्स प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन, कोटिमाचक के प्रतिनिधि तथा संस्थान के परियोजना कार्मिक श्री मलिक और श्री विकास कुमार भी उपस्थित रहे।

किसानों को अधिकतम उत्पादन के लिए कृषि तकनीकी पैकेज की जानकारी:

– बुवाई से पूर्व बीजों को फफूंदनाशी दवा (बीजों के साथ प्रदत्त) से उपचारित करें

·- 30 अक्टूबर से 20 नवम्बर 2025 के बीच शीघ्र बुवाई करें

-बुवाई के लगभग 35 दिन बाद पहली सिंचाई करें

-पहली सिंचाई के बाद गुड़ाई/निराई करें या सल्फो-सल्फ्यूरॉन जैसे खरपतवार नाशी का प्रयोग करें

·-पूरे फसल चक्र में 5-6 सिंचाईयां करें (हालाँकि 3–4 सिंचाईयों में भी अच्छा उत्पादन प्राप्त हो सकता है)।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights