मुज़फ्फरनगर | पर्यावरण सेवा समिति रजिo के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने सर्कुलर रोड पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। उनका आरोप है कि कुछ होर्डिंग कंपनियां आर्थिक स्वार्थ के चलते सड़क किनारे लगे पेड़ों को नुकसान पहुँचा रही हैं। उन्होंने प्रशासन की चुप्पी पर भी कड़ी नाराजगी जताई है।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर संघर्ष करते हुए पर्यावरण सेवा समिति रजिo के अध्यक्ष और पूर्व कुश्ती कोच जितेंद्र सिंह ने शनिवार से सर्कुलर रोड, होटल स्वर्ण इन के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी।जितेंद्र सिंह ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण के लिए पेड़-पौधों का होना बेहद जरूरी है। यदि पेड़ न हों तो शुद्ध वायु नहीं मिल सकती और जीवन को सहारा देने वाली प्राकृतिक छाया भी नहीं मिल पाएगी।उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद में होर्डिंग कंपनियां अपने आर्थिक स्वार्थ के चलते लगातार पेड़ों को काट या छाँट रही हैं, ताकि उनके लगाए गए विज्ञापन स्पष्ट रूप से दिखाई दें। उन्होंने कहा कि उन्होंने कई बार जिलाधिकारी, नगरपालिका ईओ और अन्य विभागीय अधिकारियों को अवैध होर्डिंग और पेड़ कटाई की शिकायत की, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

जितेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि यह दर्शाता है कि कहीं न कहीं होर्डिंग कंपनियों और जिम्मेदार विभागों के बीच मिलीभगत है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सर्कुलर रोड पर लगी अवैध होर्डिंग हटाई नहीं जाती और पेड़ों की सुरक्षा के लिए ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी।भूख हड़ताल के बाद कुछ होर्डिंग कंपनियों ने अपने विज्ञापन हटाने शुरू कर दिए हैं। जितेन्द्र सिंह ने जनपदवासियों से अपील की कि वे भी पेड़ों की सुरक्षा के लिए आगे आएँ और प्रशासन पर दबाव बनाएँ। उन्होंने कहा, “पेड़ केवल छाया ही नहीं देते, बल्कि प्रदूषण कम करने, बारिश लाने और धरती की नमी बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंधाधुंध कटाई केवल पर्यावरण को ही नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी संकट में डाल रही है।”इस भूख हड़ताल को शहर के कई समाजसेवी संगठनों का समर्थन मिलना शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ों को नुकसान पहुँचाना न केवल गैरकानूनी है बल्कि समाज के साथ विश्वासघात भी है।जितेंद्र सिंह का मानना है कि यदि प्रशासन ने इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और बड़े स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।भूख हड़ताल स्थल पर संजिव कुमार बालियान, वेदप्रकाश सिंह, विकास दीक्षित, प्रशांत पंवार, सुमित मलिक, भूपेंद्र सिंह सहित कई समाजसेवी मौजूद हैं और जितेंद्र सिंह का हर कदम पर समर्थन कर रहे हैं।
