बिलासपुर । मंगलवार को बिलासपुर जिले के लाल खदान इलाके में एक बड़ा रेल हादसा हो गया। कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रही पैसेंजर ट्रेन की भिड़ंत एक मालगाड़ी से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पैसेंजर ट्रेन का इंजन मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया और कई डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और जिला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि अब तक चार यात्रियों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि कुछ लोग अभी भी बोगियों में फंसे हुए हैं। वहीं, एसपी रजनीश सिंह के मुताबिक हादसे में एक व्यक्ति की मौत और चार लोग घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रेन के डिब्बों में अफरातफरी मच गई। कई यात्री अपने सामान के साथ खिड़कियों और दरवाज़ों से कूदकर बाहर निकले। देवकुमार धुरी, जो तखतपुर के रहने वाले हैं, ने बताया, “अचानक ट्रेन में जोरदार झटका लगा। जब बाहर देखा तो इंजन मालगाड़ी पर चढ़ चुका था। हमने तुरंत नीचे उतरकर फंसे लोगों की मदद की।” हादसे के कारण बिलासपुरदृकटनी रेल सेक्शन पर रेल यातायात ठप हो गया है। ओवरहेड वायरिंग और सिग्नलिंग सिस्टम को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे ट्रैक की बहाली में समय लग सकता है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए बसों की व्यवस्था की है और आसपास के अस्पतालों में घायलों के इलाज के लिए विशेष टीमों को तैनात किया गया है।
रेस्क्यू दल ने अब तक कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला है। एक बच्चे का शव भी इंजन के केबिन से बरामद किया गया है। लोको पायलट को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन उसे बचा लिया गया है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। शुरुआती जांच में सिग्नलिंग सिस्टम की गड़बड़ी या मानवीय त्रुटि को संभावित कारण माना जा रहा है। रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि “दोषियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और सुरक्षा मानकों की पुनः समीक्षा की जाएगी।”
