लखनऊ। राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बुधवार रात हुई तेज बरसात के बाद कई इलाकों में जलजमाव और सड़क धंसने की घटनाएँ सामने आईं। स्थिति को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट विशाख जी अय्यर ने कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को आज बंद रखने का आदेश दिया।भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के 24 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी यूपी में मॉनसून की गतिविधियाँ तेज होंगी और स्वतंत्रता दिवस तक कई हिस्सों में बहुत भारी वर्षा हो सकती है।
IMD के अनुसार:
ऑरेंज अलर्ट (बहुत भारी बारिश) — सहारनपुर, शामली, मुज़फ्फरनगर और बिजनौर।
येलो अलर्ट (भारी बारिश) — लखीमपुर खीरी, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कसगंज, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, झाँसी और ललितपुर।पिछले 24 घंटों में कई जिलों में रिकॉर्ड स्तर की वर्षा दर्ज की गई। उन्नाव में 150 मिमी, बरेली में 140 मिमी और लखनऊ, शाहजहांपुर, बाराबंकी, हरदोई में करीब 120 मिमी बारिश मापी गई।मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। स्वतंत्रता दिवस समारोहों पर भी इसका असर पड़ सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें, जलभराव वाले इलाकों में अनावश्यक आवागमन से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद के लिए संपर्क करें।
