हरिद्वार, 24 अगस्त । प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था, किसानों पर लाठीचार्ज और लोकतांत्रिक परंपराओं की अनदेखी को लेकर कांग्रेस ने रविवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला भी फूंका।
हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से विधायक अनुपमा रावत के नेतृत्व में आज कांग्रेस कार्यकर्ता बादशाहपुर बस अड्डे पर पहुंंचे और भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अपने हाथों में झंडे-बैनर लेकर मुख्यमंत्री समेत भाजपा नेतृत्व पर जनविरोधी होने को लेकर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
इस मौके पर विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने के लिए जा रहे निहथ्ये किसानों पर बहादराबाद टोल प्लाजा पर बर्बर तरीके से लाठियां बरसाई गईं। किसान देश की रीढ़ है और उन पर हमला पूरे देश पर हमला है। विधायक ने मानसून सत्र को महज डेढ़ दिन में सीमित कर देने के फैसले को लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ बताते हुए कहा कि सवालों पर चर्चा से बचने के लिए सत्र छोटा किया गया। उन्होंने कहा कि राज्य में बिजली संकट, बेरोजगारी, महंगाई और अपराध चरम पर हैं, लेकिन सरकार आंकड़ों की बाजीगरी में उलझी हुई है। यदि हालात नहीं सुधरे तो कांग्रेस गांव-गांव और कस्बों में धरना-प्रदर्शन करेगी।
इस मौके पर निवर्तमान जिला अध्यक्ष सपा साजिद अली, प्रधान जाफिर अली, हाजी शहजाद अली, कांग्रेस प्रदेश महासचिव तबरेज आलम, बुंदू प्रधान मोहम्मद अली, डॉक्टर नसरुद्दीन, मुंसाफ अली, शीशराम, नाग सिंह कश्यप, साधुराम चौहान, मुशर्रफ अली, हारून प्रधान, खेमचंद, डॉक्टर श्यामलाल और शहरिन अंसारी सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
