चार साल की मासूम के हत्यारा को पुलिस ने लक्सर से किया गिरफ्तार

-आरोपित ने अवैध संबंध बनाते रंगेहाथ पकड़े जाने पर हुई मारपीट का लिया बदला

हरिद्वार, 23 मई (हि.स.)। रोड़ी बेलवाला में चार वर्षीय बच्ची की हत्या के आरोप में पुलिस ने सूरज उर्फ सूरजभान नामक आरोपित को लक्सर स्थित खंडहर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने अवैध संबंधों के खुलासे पर हुए अपमान का बदला मासूम की हत्या कर के लिया। पुलिस की कड़ी मेहनत के बाद यह गिरफ्तारी संभव हो पाई।

उल्लेखनीय है कि 15 मई की सांय रोड़ीबेलवाला क्षेत्रान्तर्गत झुग्गी झोपड़ी में रह रहे अशोक सिंह ने चौकी रोड़ी बेलवाला पर अपनी 04 वर्षीय बेटी को सूरज नामक एक व्यक्ति लेकर कहीं ले जाने के संबंध में तहरीर दी थी। आरोपित पीड़ित परिवार के साथ रहता था तथा कबाड़ बीनने का कार्य करता था। अगले दिन बच्ची की लाश मंश देवी रेलवे ट्रैक पर मिली थी। बच्ची का शव मिलने की जानकारी मिलते ही एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया था।

एसएसपी ने नगर कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि प्रकरण में वांछित चल रहे सूरज नाम के व्यक्ति की तलाश पुलिस के लिए टेढ़ी खीर होने के कई कारण थे। पहली बात ये कि आरोपित के घर के बारे में किसी को कोई भी स्पष्ट जानकारी नही थी, दूसरी ये कि आरोपित मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था, तीसरी बात ये कि आरोपित का किसी परिवार या व्यक्ति से करीबी ताल्लुकात नहीं थे और वह घुमक्कड़ स्वाभाव के अनुसार आरोपित कई किलोमीटर तक पैदल ही निकल जाता था।

पुलिस टीमाें ने आरोपित की तलाश में आस-पास स्थित झुग्गी झोपड़ियो सहित हर की पैड़ी, सर्वानन्द घाट, विष्णु समस्त घाट आदि लालजीवाला, मोतीचूर, रायवाला ऋषिकेश में रह रहे लोगों से पूछताछ से की। आरोपित के सहारनपुर भागने की संभावना के मद्देनजर टीम ने हरिद्वार से सहारनपुर तक के बीच में करीब 600-700 सीसीटीवी कैमरों की फूटेज चैक की। हरिद्वार पुलिस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम के जरीए आरोपित की तस्वीर साझा कर आमजन से भी सहयोग मांगा।

दिन-रात चली इस मैराथन कसरत के दम पर हरिद्वार पुलिस ने आखिरकार आरोपित सूरज को बसेडी रोड लक्सर स्थित कबाड़ी बस्ती से शमशान घाट की ओर जाने वाली सड़क के पास बने खण्डर से दबोच लिया।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि पकड़ में आए सूरज उर्फ सूरजभान से की गई पूछताछ में वारदात और वारदात की वजह साफ हुई। आरोपित ने बताया कि वह ग्राम नगलाढाव थाना सुन्नगढ़ी जिला कासगंज उ.प्र. का स्थायी निवासी है तथा वर्तमान में गड्डा पार्किंग झुग्गी झोंपड़ी रोडीबेलवाला में रह रहा था। वर्ष 2021 में हरिद्वार आने के बाद कुछ समय पहले ही उसकी कबाड़ बिनते हुए उसकी बमबम दास व उसकी पत्नी रेखा से पहले मुलाकात और फिर दोस्ती हो गयी। आरोपित अक्सर कबाड़ बेचकर हुई कमाई से राशन व पैसे देता था जिस वजह से उसकी मृतका की मां के साथ नजदीकियां बढ गयी।

अक्सर आरोपित सूरज की दी हुई गांजे की पुड़िया व सलोचन पीकर नशे में धुत रहने वाले बमबम दास ने एक दिन दोनों को शारीरिक सम्बन्ध बनाते हुए देख लिया और सूरज के साथ मारपीट, गाली गलौच कर झोपड़ी से बाहर निकाल दिया।

इस बेइज्जती का बदला लेने के लिए प्लान तैयार कर आरोपित पहले पति-पत्नी को राशन खरीदने के बहाने झोपड़ी से दूर लेकर गया और फिर मौका पाकर 04 वर्ष की बच्ची को अपने साथ ले गया। भूरे की खोल से होते हुए दोनों रेलवे सुंरग के अन्दर पहुंचे तो आरोपित बच्ची को किनारे बने खोपचे में ले गया और उसका मुंह अपने हाथ से ढककर गले में बंधे धागे को खींचकर बच्ची को जान से मार दिया। कुछ देर इंतजार करने के बाद जब आरोपित को यकीन हो गया कि बच्ची की मौत हो चुकी है तो वह अपनी नकली बीग वहीं आसपास फेंक कूड़े का कट्टा लेकर सुरंग से बाहर निकल गया।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है। एसएसपी और डीआईजी गढ़वाल रेंज ने हत्याकांड़ का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को क्रमशः पांच व 25 हजार का ईनाम देने की घोषणा की है।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights