हरिद्वार कोरिडोर पर प्रमुख सचिव ने किया संवाद, भ्रम दूर करने का दिया आश्वासन

हरिद्वार, 6 मार्च (हि.स.)। प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने गुरुवार को डाम कोठी पहुंचकर हरिद्वार कोरिडोर के संबंध में विभिन्न संगठनों से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोरिडोर निर्माण को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से वे हरिद्वार आए हैं।

प्रमुख सचिव ने बताया कि कोरिडोर निर्माण में अपर रोड और बड़ा बाजार प्रभावित नहीं होंगे, केवल जाह्नवी मार्केट को ही शामिल किया जा रहा है। प्रभावित दुकानदारों और किरायेदारों को रोडवेज बस स्टैंड पर नए कॉम्प्लेक्स में मालिकाना हक वाली दुकानें देने या नकद मुआवजे का विकल्प दिया जाएगा।उन्होंने श्री गंगा सभा के पदाधिकारियों को हरकी पौड़ी क्षेत्र के विकास एवं सौंदर्यीकरण हेतु प्रस्तावित गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। श्री गंगा सभा द्वारा दिये गये सुझावों को डीपीआर में शामिल करने हेतु संभावनाएं तलाशते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये।

उन्होंने बताया कि सती कुण्ड के सौन्दर्यीकरण के लिए 5 देवी की मूर्तियों के बीच शक्ति के रूप में श्वेत कमल को रखा जायेगा तथा तथा सभी शक्ति पीठों के छोटे-छोटे स्वरूप लगाये जायेंगे तथा स्थलों का सौंदर्यीकरण परम्परागत शैली में किया जायेगा।

उन्होंने व्यापार मण्डल के प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार से तोड़फोड़ नहीं होगी। किसी को भी ऐंसे उजाड़ा नहीं जायेगा, यदि किसी एक दुकान को हटाना पड़ता है तो शॉपिंग कॉम्पलेक्स बनाकर दुकान देने के बाद ही आगे कार्य किया जायेगा। उन्होंने बताया कि किरायेदारों को भी मालिकाना हक वाली दुकाने मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि भ्रान्तियों से बचें। शासन-प्रशासन वास्तविक स्थिति स्पष्ट कर रहा है तो सभी को सुनना या जानना चाहिए। उन्होंने बताया कि सती कुण्ड का सौंदर्यीकरण एवं विकास, हरकी पौड़ी सौंदर्यीकरण एवं विस्तार, तीसरा रोडवेज बस अड्डे को शिफ्ट कर के चण्डी देवी मन्दिर के सामने आईएसबीटी व लोजिस्टिक हब के लिए चिह्नित किया गया है तथा रोड़ी बेलवाला को विकास हेतु चिह्नित किया गया है।

इस दौरान अखाड़ा परिषद के प्रतिनिधि महन्त ललितानन्द गिरी, महामंत्री श्री गंगा सभा तन्मय वशिष्ट, जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह, एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल, नगर आयुक्त वरूण चौधरी, एचआरडीए उपाध्यक्ष अंशुल सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, उप जिलाधिकारी अजयवीर सिंह सहित डॉ. नरेश चौधरी के अवाला विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights