मनीष अग्रवाल

सहारनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को ज़ब पत्रकार स्थायी समिति की बैठक शुरू हुई तो जिलाधिकारी मनीष बंसल ने पहली ही बात में साफ कर दिया कि अख़बारों की खबरें समाज का आईना होती हैं। उन्होंने कहा“पत्रकारिता का मकसद केवल खबर छापना नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देना भी है।”बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि समाचार पत्रों में प्रेरणादायक और जनहित से जुड़े समाचारों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। झूठी खबरों और अफवाहों का खंडन आवश्यक है, ताकि आमजन तक गलत संदेश न पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसी विशेष व्यक्ति या संस्था को निशाना बनाकर नकारात्मक समाचार प्रकाशित करने से बचना चाहिए।

मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। डीएम ने आश्वासन दिया कि इस संबंध में सूचना निदेशालय और संबंधित एजेंसी से वार्ता की जाएगी। वहीं, टोल प्लाजा पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों को निशुल्क आवागमन की सुविधा देने के मामले में उन्होंने नियमानुसार निर्णय लेने की बात कही।जिला चिकित्सालय से जुड़े हालिया घटनाक्रम पर जिलाधिकारी ने कहा कि चिकित्सा अधीक्षक संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। पत्रकारों से उन्होंने अनुरोध किया कि मरीजों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए और चिकित्सा अधीक्षक से जानकारी लेकर ही समाचार प्रकाशित करें। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि किसी भी पत्रकार का अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा।सूचना संकुल की स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध कराने पर डीएम ने कहा कि नगर निगम से वार्ता कर शीघ्र ही चिन्हांकन किया जाएगा। वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा उठाए गए नैतिक धर्म पालन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इसे भी चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।

पत्रकारों को पेंशन देने की मांग पर उन्होंने साफ कहा कि यह नीतिगत मामला है।बैठक में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने कहा कि पत्रकारों से जुड़े किसी भी मामले की जांच कर ही कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता सहित वरिष्ठ पत्रकार और समिति के सदस्य मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights