शुक्रवार सुबह करीब 7:15 बजे चिरगांव के एक स्कूल की वैन विछोंदना से बच्चों को लेकर चिरगांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान बेहटा संत गांव के पास वैन चालक ने सड़क पर एक ट्रेक्टर ट्रॉली को ओवरटेक करने की कोशिश की तभी सामने से आ रही स्कूटी से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और स्कूल वैन सड़क किनारे खाई में जा गिरी।

इस हादसे में स्कूटी सवार 60 वर्षीय कमलाबाई और उनकी 19 वर्षीय पोती दुर्गेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे का मंजर इतना भयावह था कि आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायल वैन चालक व बच्चे को बाहर निकाला। वैन चालक लखन राजपूत और 7 वर्षीय छात्र हर्ष इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया गया है कि मृतका कमलाबाई मध्य प्रदेश के सलेतरा गांव की निवासी थीं। वह अपने परिवार के साथ भाई दूज का टीका करने और नातिन दुर्गेश का जन्मदिन मनाने के लिए चिरगांव आई थीं। शुक्रवार सुबह वह अपनी पोती के साथ स्कूटी से वापस अपने गांव लौट रही थीं, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

सूचना मिलते ही एसडीएम अवनीश तिवारी, सीओ अजय श्रोत्रीय, प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेज दिया। इस घटनाक्रम से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights