सहारनपुर। कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में शनिवार को जनमंच सभागार में माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय का तृतीय दीक्षान्त समारोह आयोजित हुआ। समारोह में 25,456 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं, जिनमें 8,591 छात्र और 16,865 छात्राएं शामिल रहीं।कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 6 विद्यार्थियों को कुलाधिपति स्वर्ण पदक, 80 विद्यार्थियों को कुलपति स्वर्ण पदक तथा 4 छात्रों को प्रायोजित स्वर्ण पदक प्रदान किए।

कुल मिलाकर 90 स्वर्ण पदक विजेताओं को सम्मानित किया गया।राज्यपाल ने समारोह में विद्यार्थियों को शपथ दिलाते हुए शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित न मानकर सेवा भाव और समाज निर्माण के साथ जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र न बनें, बल्कि समाज व राष्ट्र निर्माण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।इस अवसर पर राज्यपाल ने सहारनपुर व मुजफ्फरनगर जनपद की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को कुल 500 किट भेंट कीं। सांकेतिक रूप से 10 किट सभागार में वितरित की गईं। प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को पुस्तकें दी गईं और गोद लिए गए विद्यालयों के तीन बच्चों को प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कृत किया गया।अपने संबोधन में राज्यपाल ने शिक्षा, महिला स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी केंद्रों, कृषि में नवाचार, ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों और प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों के नामांकन को बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही बेटियों को एचपीवी वैक्सीन लगवाने की सलाह दी ताकि उन्हें गंभीर बीमारियों से बचाया जा सके।राज्यपाल ने भारत को आत्मनिर्भर बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐथेनॉल उत्पादन, समुद्री अनुसंधान और कृषि नवाचारों में विश्वविद्यालयों को भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

राज्यपाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए बच्चों को चॉकलेट भेंट की।इस मौके पर संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी, महापौर डॉ. अजय सिंह, विधायक राजीव गुम्बर, विधायक किरत सिंह, विधायक देवेंद्र निम, जिलाधिकारी मनीष बंसल, एसएसपी आशीष तिवारी, नगर आयुक्त शिपू गिरी, सीडीओ सुमित राजेश महाजन, मुजफ्फरनगर के सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विमला वाई., पूर्व कुलपति प्रो. हृदय शंकर सिंह, प्रो. धर्मेंद्र कुमार, कुलसचिव कमल कृष्णा सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्री, छात्र-छात्राएं व विश्वविद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights