global-market-trends

नई दिल्ली, 19 मार्च । ग्लोबल मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट का शिकार हो गए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। इसी तरह एशियाई बाजार भी आज बड़ी गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे हैं।

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध में एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने की कोशिश शुरू हो जाने के कारण पिछले सत्र के दौरान पूरी दुनिया के बाजार की तरह ही अमेरिकी बाजार में भी अफरा तफरी का माहौल बना रहा। इसके साथ ही अमेरिका में थोक महंगाई दर में बढ़ोतरी होने की वजह से भी मार्केट सेंटीमेंट्स पर निगेटिव असर पड़ा, जिसके कारण वॉल स्ट्रीट के सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए।

डाउ जॉन्स 750 अंक से अधिक की कमजोरी का शिकार हो गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 91.38 अंक यानी 1.36 प्रतिशत टूट कर 6,624.71 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 327.11 अंक यानी 1.46 प्रतिशत फिसल कर 22,152.42 अंक के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर आज फिलहाल 111.76 अंक यानी 0.24 प्रतिशत की मजबूती के साथ 46,336.91 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार भी पिछले सत्र के दौरान लगातार दबाव में कारोबार करने के बाद गिरावट के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 98.31 अंक यानी 0.95 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,305.29 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह डीएएक्स इंडेक्स ने 228.67 अंक यानी 0.97 प्रतिशत लुढ़क कर 23,502.25 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा सीएसी इंडेक्स 0.06 प्रतिशत टूट कर 7,969.88 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार भी आज दबाव में कारोबार करते हुए नजर आ रहे हैं। एशिया के नौ बाजार में से आठ के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि इंडोनेशिया स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने की वजह से जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में आज कोई कारोबार नहीं हो रहा है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण दुनिया भर के बजार में बने घबराहट के माहौल के कारण एशिया के किसी भी स्टॉक एक्सचेंज में आज मजबूती नजर नहीं आ रही है।

गिफ्ट निफ्टी आज फिलहाल 487 अंक यानी 2.05 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,313 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 456.42 अंक यानी 1.75 प्रतिशत फिसल कर 25,569 अंक के स्तर पर पहुंच गया है। निक्केई इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 1,584.40 अंक यानी 2.87 प्रतिशत टूट कर 53,655 अंक के स्तर तक आ गया है।

इसी तरह कोस्पी इंडेक्स 92.02 अंक यानी 1.55 प्रतिशत लुढ़क कर 5,833.01 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा ताइवान वेटेड इंडेक्स 409.15 अंक यानी 1.19 प्रतिशत फिसल कर 33,939.43 अंक के स्तर पर, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.95 प्रतिशत टूट कर 4,024.23 अंक के स्तर पर, स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.35 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,984.83 अंक के स्तर पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,437.66 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights