खनिज ब्लॉकों के परिचालन में तेजी लाने के लिए ‘माइनिंग डैशबोर्ड’ लॉन्च

नई दिल्ली, 04 जून (हि.स)। केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने बुधवार को नीलाम किए गए खनिज ब्लॉकों की परिचालन स्‍थिति पर नजर रखने के लिए ‘माइनिंग डैशबोर्ड’ लॉन्च किया। यह डैशबोर्ड नीलाम किए गए खनिज ब्लॉकों की परिचालन स्थिति की निगरानी और देशभर में वैधानिक मंज़ूरियों का पता लगाने में सक्षम है। केंद्र सरकार की यह पहल खनिज क्षेत्र में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही बढ़ाने के जारी प्रयासों का हिस्सा है।

खान मंत्रालय के मुताबिक अभी तक 16 राज्यों में 500 खनिज ब्लॉकों की सफलतापूर्वक नीलामी की गई है, जिसमें 466 ब्लॉक राज्य सरकारों द्वारा और 34 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक केंद्र सरकार द्वारा नीलाम किए गए हैं। इनमें से 64 ब्लॉक चालू हो चुके हैं। डैशबोर्ड एक संरचित और वास्तविक समय आधारित निगरानी प्रणाली प्रदान करता है, जो अवरोधों की पहचान करने, समय पर समाधान करने और खनन कार्यों की शुरुआत में तेजी लाने में मदद करता है। यह केंद्र और राज्य सरकारों, परियोजना समर्थकों और अन्य हितधारकों के लिए कार्रवाई योग्य अंतर्दृष्टि और डेटा-संचालित निर्णय समर्थन प्रदान कर एक महत्वपूर्ण उपकरण के रूप में काम करेगा। खनन डैशबोर्ड से घरेलू खनिज उत्पादन को बढ़ावा मिलने, आयात निर्भरता कम करने और देश की समग्र आर्थिक वृद्धि में योगदान संबंधी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है।

केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि खनिज संपदा के विकास और संचालन में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए डिजिटलीकरण को बढ़ावा देना है। लॉन्च किया गया माइनिंग डैशबोर्ड अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म देशभर में नीलाम किए गए खनिज ब्लॉकों की संचालन स्थिति की वास्तविक समय पर निगरानी करने में सक्षम बनाएगा, जो खनन क्षेत्र में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण कदम है।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights