प्लाटिंग के नाम पर 55 लाख की ठगी, आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज
मीरजापुर, 16 मई (हि.स.)। खुटहा गांव निवासी जय प्रकाश तिवारी से भूमि प्लाटिंग के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित जय प्रकाश ने शुक्रवार को ड्रमंडगंज थाने में आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कराया है।
तहरीर के अनुसार, जय प्रकाश तिवारी को भूमि प्लाटिंग व्यवसाय में निवेश कर मुनाफा कमाने का झांसा देकर फर्जीवाड़ा किया गया। आरोप है कि अमित सिंह उर्फ लव, उनकी पत्नी मनीषा जायसवाल, उषा सिंह पत्नी जितेंद्र सिंह (निवासी बिलरा पटेहरा), राहुल पांडेय, नायब शिव, सूरज विश्वास, निधि ठाकुर और नंदिनी जायसवाल (पता अज्ञात) ने बार-बार नकद और ऑनलाइन रूप में लाखों रुपये ऐंठ लिए।
जय प्रकाश का आरोप है कि इन लोगों ने सुनियोजित आपराधिक षडयंत्र रचकर उनसे और उनके साथियों से करीब 55 लाख रुपये हड़प लिए, लेकिन व्यवसाय में एक रुपये का भी लाभ नहीं दिया। जब वह रुपये वापस मांगने गए तो उन्हें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने बताया कि विपक्षी एक शातिर ठग गिरोह के सदस्य हैं और उनके पड़ोसी गांव के होने की वजह से वह इनके झांसे में आ गए।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि आठ आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
