वाराणसी,22 अगस्त । डाक विभाग के वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्ट मास्टर जनरल (पीएमजी) कर्नल विनोद ने शुक्रवार को बताया कि विभाग में पहली बार ई पोस्ट,मीडिया पोस्ट, डायरेक्ट पोस्ट में इस वर्ष राजस्व की प्राप्ति हुई है। जो कभी भी नहीं हुई थी। पिछले एक वर्ष में व्यवसाय विकास में 22.70फीसदी, आधार में 53.56फीसद, फिलेटली अकाउंट में 1131.75 फीसद, डाकघर व्यवसाय राजस्व में 09.49 फीसद वृद्धि हुई है । पीएमजी कर्नल विनोद अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर मीडिया के सामने उपलब्धियां गिना रहे थे।

उन्होंने अपने एक वर्ष के कार्यकाल का लेखा जोखा पावरपॉइंट्स के माध्यम से बताया। उन्होंने दावा किया कि वाराणसी परिक्षेत्र में डाक विभाग की सेवाओं का संचालन व्यवस्थित रूप से किया जा रहा है। डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा में 132.57 फीसद , नया बचत खाता खोलने में 0.26 फीसद, स्पीड पोस्ट वितरण में 08.97 फीसद, स्पीड पोस्ट राजस्व में 33.11 फीसद, पार्सल राजस्व में 06.02 फीसद, स्पीड पोस्ट पार्सल राजस्व में 42.13 फीसदी की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि बनारस में आने के बाद डाक को कम से कम समय में उसके गंतव्य तक पहुँचाने का लक्ष्य सर्वोत्तम प्राथमिकता में रखा गया है और इस कार्य को पूरा करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया । जिसके अंतर्गत सभी डाक सेवकों और कर्मचारियों को नए वातावरण में कार्य करने का प्रशिक्षण दिया गया। इससे सेवा में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक़ बनारस में आने वाले सभी डाक को छियानवे प्रतिशत से ज़्यादा सिर्फ़ उसी दिन वितरित किया गया था।

कर्नल विनोद ने भविष्य में आने वाली नई योजनाओं की भी जानकारी दी और बताया कि जल्दी ही सभी डाकघरों में सत्तू की बिक्री होगी । इसके साथ ही सितंबर माह में बच्चों के लिए डाक टिकटों के चित्रों से सुसज्जित मग बिक्री के लिए तैयार किए जाएँगे, जो सभी डाकघरों में उपलब्ध होंगे। इसके अलावा आधार कार्ड से जुड़ी जानकारियाँ भी दी ।उन्होंने बताया कि वाराणसी परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों में संबंधित अधीक्षक विशेष टीम के साथ कैम्प लगाकर कार्ड बनवायेंगे। इस दौरान कोऑर्डिनेटर वैलिएंट वाराणसी पल्लवी ने बाइक रैली के दौरान हुई उपलब्धियों का उल्लेख किया। सहायक निदेशक द्वितीय परमानंद कुमार ने बताया कि इस समय कंप्यूटराइज्ड माहौल में सभी डाकघरों में काम हो रहा है। जिससे काम करने में आसानी हो रही है । इसके अलावा जनता के शिकायत में भी कमी हुई है। सहायक निदेशक प्रथम अतुल कुमार ने बताया कि राइट मैन फार राइट जॉब की नीति को अपनाते हुए कर्मचारियों को उनके शैक्षणिक योग्यता के अनुसार कार्य कराया जा रहा है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights