मुख्यमंत्री शनिवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रशासन ने तत्परता से सभी आवश्यक कदम उठाए और आग पर नियंत्रण के लिए अतिरिक्त टीमें लगाई गईं। प्रभावित लोगों के लिए भोजन-पेयजल की व्यवस्था की गई है। अस्थायी आश्रय स्थल स्थापित किए जा रहे हैं, जबकि स्थायी राहत केंद्र, रिठाला कम्युनिटी सेंटर में संचालित है। उन्होंने कहा कि 24×7 कैट्स एंबुलेंस और मेडिकल टीमें तैनात हैं। दिल्ली नगर निगम द्वारा मलबा हटाने का कार्य और राजस्व विभाग द्वारा प्रभावित परिवारों का सत्यापन कार्य जारी है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के रोहिणी इलाके में रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास झुग्गी बस्ती में शुक्रवार रात आग लग गई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य झुलस गया। दमकल अधिकारी एसके दुआ ने बताया कि दमकल विभाग को रिठाला मेट्रो स्टेशन और दिल्ली जल बोर्ड के बीच स्थित झुग्गियों में आग लगने सूचना पर गाड़िया मौके पर भेजी गईं। कुल 29 दमकल गाड़ियां मौके पर हैं। दमकल कर्मियों के प्रयासों से आग पर तड़के तक काबू पा लिया गया। हादसे में राजेश (30) झुलस गया, जिसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मुन्ना (30) का शव मिला है।
