मीरजापुर, 1 नवंबर । हलिया विकासखंड क्षेत्र में शनिवार को मौसम खराब होने के बावजूद किसानों का उत्साह देखते ही बन रहा था। धान बिक्री के लिए चारों क्रय केंद्रों पर सुबह से ही किसानों की लंबी कतारें लगी रहीं। प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार दिनभर में कुल 1509 किसानों का रजिस्ट्रेशन किया गया।
सबसे ज्यादा भीड़ हलिया के तीनों क्रय केंद्रों पर रही, जहां 1303 किसानों ने पंजीकरण कराया। केंद्रों की निगरानी राजीव रंजन (प्रथम), शिवम सिंह (द्वितीय) और सुधीर कुमार (तृतीय) ने की। वहीं साधन सहकारी समिति सिकटा महुगढ़ केंद्र पर प्रभारी दीपचंद विश्वकर्मा की देखरेख में 206 किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया।
केंद्र प्रभारी राजीव रंजन सिंह ने बताया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार किसानों को बदरंग धान से बचना होगा ताकि चावल की गुणवत्ता प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के चलते अधिकांश किसान धान सुखाने में जुटे हैं, जिससे खरीदी प्रक्रिया अगले सप्ताह तक तेज होने की संभावना है।
केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव और उपनिरीक्षक श्याम लाल ने लगातार चक्रमण किया। किसानों ने भी प्रशासन की व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इस बार पंजीकरण प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सुव्यवस्थित रही।
