eu-leader-visit-summit-rd

नई दिल्ली, 25 जनवरी । यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंतोनियो लुइस सैंटोस दा कोस्टा रविवार को गणतंत्र दिवस से एक दिन पूर्व भारत पहुंच गए। उन्हें और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन को हवाई अड्डे पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। दोनों यूरोपीय नेता 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।

अपने आगमन पर अध्यक्ष एंतोनियो कोस्टा ने ‘एक्स’ पर कहा कि भारत के 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 16वें यूरोप-भारत शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली आकर वे सम्मानित महसूस कर रहे हैं। व्यापार और सुरक्षा से लेकर स्वच्छ ऊर्जा अपनाने और मज़बूत जन संबंधों तक दोनों पक्ष एक मज़बूत और बढ़ती ईयू-भारत साझेदारी का जश्न मना रहे हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि राजकीय दौरे पर नई दिल्ली पहुंचने पर मेहमान नेता का हवाई अड्डे पर मंत्री जितिन प्रसाद ने स्वागत किया। एंतोनियो कोस्टा और उर्सुला फॉन डेर लेयेन भारत के 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं। यह उच्चस्तरीय यात्रा भारत और यूरोपीय संघ के बीच रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत करने तथा आपसी विश्वास और सहयोग को नई ऊंचाई देने में बेहद महत्वपूर्ण है।

नई दिल्ली में 16वां भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन 27 जनवरी मंगलवार को आयोजित किया जाएगा, जिसकी मेजबानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। यूरोपीय संघ की ओर से यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंतोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेयेन शिखर सम्मेलन में भाग लेंगी। इससे एक दिन पहले दोनों नेता भारत के 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल होंगे।

शिखर सम्मेलन के दौरान भारत-ईयू रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। व्यापार, सुरक्षा एवं रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा अपनाने, तकनीक-नवाचार और जन-स्तरीय संपर्क जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। हाल के वर्षों में भारत-ईयू संबंधों में आई सकारात्मक गति के बीच यह सम्मेलन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में एक संयुक्त व्यापक रणनीतिक एजेंडा अपनाए जाने की संभावना है, जिसका उद्देश्य समृद्धि, सतत विकास, सुरक्षा, कनेक्टिविटी और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग को नई दिशा देना है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights