बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने 2023 की कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में मुख्य आरोपी राजकिशोर कुमार को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 

खाते में डेढ़ करोड़

राजकिशोर कुमार पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह कई अन्य प्रश्नपत्र लीक मामलों में भी आरोपी है। ईओयू ने कुमार के बैंक खाते में जमा 1.5 करोड़ रुपये के लेन-देन पर भी रोक लगा दी है। ईओयू के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) मानवजीत सिंह ढिल्लों ने बताया, ‘‘बिहार के अरवल जिले के निवासी राजकिशोर को बुधवार रात पटना से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से एक सूची भी बरामद की है, जिसमें कई उम्मीदवारों के रोल नंबर, एडमिट कार्ड का विवरण और अन्य जानकारी लिखी हुई थी।” 

EOU ने 62 उम्मीदवारों की भी की पहचान

डीआईजी ने बताया कि राजकिशोर के बैंक खाते के विश्लेषण के आधार पर, ईओयू ने उसे भुगतान करने वाले 62 उम्मीदवारों की भी पहचान की है और जल्द ही उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस भेजा जाएगा। बिहार कांस्टेबल भर्ती परीक्षा एक अक्टूबर, 2023 को आयोजित की गई थी। केंद्रीय कांस्टेबल चयन बोर्ड (सीएसबीसी) ने प्रश्नपत्र लीक होने के कारण परीक्षा रद्द कर दी थी। मामले की जांच कर रही ईओयू पहले ही पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। यह भर्ती परीक्षा राज्य पुलिस की विभिन्न शाखाओं में कांस्टेबल पद के 21,391 रिक्त पदों को भरने के लिए निर्धारित थी। यह परीक्षा बिहार के 37 जिलों के 529 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी और बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इसमें शामिल हुए थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights