झांसी, 16 मार्च । उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में रविवार देर रात थाना शहर कोतवाली पुलिस की दो शातिर चोरों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर बीते दिनों उन्नाव गेट के पास सूने मकान में हुई चोरी की घटना का माल बरामद कर लिया। पुलिस ने इसके अलावा दोनों से तमंचा, कारतूस सहित नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किये हैं। इसके साथ ही पकड़े गए चाेराें ने 22 फरवरी को हुई चोरी की घटना को भी स्वीकार किया है।
सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि 15 मार्च को उन्नाव गेट मेवाती पुरा निवासी उमा वर्मा ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि 11 मार्च को वह अपने घर ताला लगाकर परिजनों के साथ जालौन में शादी समारोह में शामिल होने गई थी। लौट कर आई तो देखा कि अज्ञात चोर उसके घर का ताला तोड़कर सोने चांदी के जेवरात, नकदी व मोबाइल फोन आदि चोरी कर ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी थी। इधर घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने कोतवाली पुलिस को खुलासा करने के निर्देश दिए थे। इस पर चोरों की तलाश में लगी पुलिस टीम का नगरिया कुआं के पास देर रात संदिग्धों से आमना-सामना हो गया। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो संदिग्धों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया और भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। जबकि मौके से उनका एक साथी फरार हो गया। पूछताछ में पकड़े गए दोनों संदिग्धों ने अपने नाम मध्यप्रदेश के जिला दतिया निवासी नदीम और जिला ग्वालियर के गणेशपुरा निवासी दीपक उर्फ संजय जाटव बताया। पूछताछ में दोनों ने उमा वर्मा के घर चोरी करने की घटना को स्वीकार करते हुए बताया कि उनका एक साथी और है जो फरार हो गया है। दोनों ने उसी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, दो लक्ष्मी गणेश की मूर्ति, बाइक, मोबाइल फोन और छह हजार की नकदी बरामद कर ली। पुलिस दोनों के फरार हुए साथी की तलाश कर रही है। दोनों शातिर चोरों ने 22 फरवरी को भी पलक पैलेस से चोरी करने की घटना को स्वीकार किया है।
