मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और ट्रांसफॉर्मर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीन बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें घायल अवस्था में सीएचसी शाहपुर में भर्ती कराया गया है। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अन्य बदमाश मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस ने जंगलों और खेतों में कांबिंग अभियान चलाया।जानकारी के अनुसार, शाहपुर थाना अध्यक्ष मोहित चौधरी के नेतृत्व में मीरापुर चौकी प्रभारी विकास बालियान फोर्स के साथ क्षेत्र में देर रात चेकिंग कर रहे थे।

इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक कैंटर में सवार गिरोह ट्रांसफॉर्मर चोरी की वारदात को अंजाम देने जा रहा है। पुलिस ने स्वामी हॉस्पिटल के पास कैंटर को रोकने का प्रयास किया तो वाहन तेज गति से बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ गया। इस पर मीरापुर, शाहपुर, गोयला और बसधाड़ा चौकियों की पुलिस ने संयुक्त रूप से पीछा किया। कुछ दूर आगे खेत में कैंटर रेत में धंस गया, जिसके बाद बदमाश गन्ने के खेतों की ओर भागने लगे।पुलिस ने बदमाशों को घेराबंदी कर रोकने की कोशिश की, तभी बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें तीन बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे वहीं गिर पड़े।मौके से तीन देशी तमंचे, तीन जिंदा व तीन खोखे कारतूस, ट्रांसफॉर्मर से निकाला गया कॉपर, एक कांटा तथा कैंटर वाहन बरामद किया गया है।

सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि घायल बदमाशों को इलाज के लिए सीएचसी शाहपुर भेजा गया है। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह पिछले कई महीनों से क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। इनके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights