मुज़फ्फरनगर। भाई दूज के पावन अवसर पर मुज़फ्फरनगर जिला कारागार में गुरुवार को भावनाओं से भरा नज़ारा देखने को मिला। सैकड़ों बहनें अपने बंदी भाइयों से मिलने जेल पहुंचीं। लंबे समय बाद आमने-सामने हुए भाई-बहन एक-दूसरे को देखकर भावुक हो उठे। कई बहनों की आंखें नम हो गईं, तो भाइयों ने भी बहनों को ढांढस बंधाया।जेल प्रशासन ने मुलाकात के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए थे। मिलने आने वाले सभी परिजनों की गहन तलाशी के बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी गई।

कारागार अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि बहनों को तिलक का सामान और मिठाई लेकर अंदर जाने की अनुमति दी गई थी, ताकि वे पारंपरिक तरीके से त्योहार मना सकें।जेल परिसर में सुबह से ही बहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। कई बहनें व्रत रखकर आई थीं और भाइयों को टीका करने के बाद ही उन्होंने अपना व्रत तोड़ा। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का वचन दिया और उनके कुशलक्षेम पूछे।सुरक्षा घेरों के बीच भी जेल परिसर में भाई-बहन के प्रेम और अपनापन का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। त्योहार की मिठास और भावनाओं से भरा यह दिन जेल की दीवारों के भीतर भी खुशियों का संदेश छोड़ गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights