स्कार्पियो और बोलेरो की टक्कर में आठ घायल, एक की हालत गंभीर

मीरजापुर, 10 फ़रवरी (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के लूसा गांव के पास सोमवार की सुबह करीब 5 बजे मीरजापुर-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर स्कार्पियो और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार आठ श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल सोनभद्र रेफर कर दिया गया। बाकी सात घायलों का इलाज जारी है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

स्कार्पियो में सवार छह श्रद्धालु झारखंड निवासी थे। प्रयागराज महाकुंभ से स्नान कर लौट रहे थे। वहीं, बोलेरो में सात श्रद्धालु सवार थे, जो झारखंड से कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज जा रहे थे। जैसे ही दोनों वाहन लूसा गांव के पास पहुंचे, आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में झारखंड निवासी स्कार्पियो सवार मनीता देवी (40), शिवम कुमार (26), साक्षी (27), मनोज प्रसाद (48) और आशा (58) कुमारी घायल हो गए। वहीं, बोलेरो में सवार फूलमनी देवी (50), नंदकिशोर साहू (40) और राजेंद्र (35) गंभीर रूप से घायल हुए।

दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी राजगढ़ पहुंचाया।

पुलिस ने बताया कि कुल आठ लोग घायल हुए थे। उनमें से फूलमनी देवी की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल सोनभद्र रेफर कर दिया गया। बाकी सात घायलों की स्थिति सामान्य है और उनका इलाज जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights