शांत चल रही कश्मीर घाटी को अशांत करने का काम : पूर्व उपमुख्यमंत्री
झांसी, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा गुरुवार को दिल्ली से वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन झांसी पहुंचे। उन्होंने पहलागम घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्हाेंने कहा कि लंबे समय से शांत चल रही कश्मीर घाटी को अशांत करने का काम आतंकियों ने किया है, लेकिन सरकार हर पहलू पर नजर बनाए हुए है। इस हमले के पीछे जो भी दोषी होगा वह बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के पहलागम में हुए आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों की खबर से पूरे देश में आक्रोश है। ऐसे में भाजपा के बड़े नेताओं ने अपने सभी कार्यक्रम भी रद्द कर दिए हैं। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा भी अपने कार्यक्रम निरस्त होने के बाद दिल्ली से झांसी लौटे थे। यहां से वह सड़क मार्ग से प्रदेश मुख्यालय लखनऊ के लिए प्रस्थान कर गए। रेलवे स्टेशन पर उन्होंने मीडिया से बात करते हुए पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही ये भी कहा कि देश की सरकार पूरे मामले में कठोर कार्रवाई करेगी। इससे पहले यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ये ऐसी वीभत्स घटना है, जिसका बखान शब्दों में नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री पूरे मामले पर संवेदनशील हैं और पूरे मामले में बारीकी से मॉनिटरिंग हो रही है। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कदम भी उठाए हैं, आज कश्मीर में जगह-जगह सब एलर्ट हैं। भारत में निश्चित रूप से आतंकवाद को कोई स्थान नहीं है। कश्मीर घाटी बहुत समय से शांत रही है। पाकिस्तान के पस्त हुए हौंसले हैं, वह समय-समय पर उकसाने के लिए घटनाएं करते हैं। बोले सरकार घायलों की चिंता कर रही है। इसीलिए हम लोगों ने कल सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए थे।
—————