प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन मामले की जांच के तहत आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं दिल्ली के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज और अन्य से जुड़े परिसरों पर मंगलवार को छापे मारे। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि संघीय जांच एजेंसी धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत राष्ट्रीय राजधानी में लगभग 12 स्थानों पर छापेमारी कर रही है।
दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भारद्वाज (45) के खिलाफ जांच पिछली ‘आप’ सरकार द्वारा स्वास्थ्य अवसंरचना परियोजनाओं में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के एक मामले से जुड़ी मानी जा रही है।
आम आदमी पार्टी ने कहा है कि सौरभ भारद्वाज के परिसर पर ईडी की छापेमारी ध्यान भटकाने की रणनीति है, उनके खिलाफ मामला झूठा है और यह उस समय का मामला है जब वे मंत्री भी नहीं थे।
