मुज़फ्फरनगर | मुजफ्फरनगर पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा के तहत नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की अवैध संपत्तियों को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई। थाना बुढ़ाना पुलिस ने 19 अगस्त 2025 को कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर अब्दुल कादिर पुत्र जुल्फकार निवासी ग्राम जिजोला, थाना झिंझाना, जिला शामली को उसके साथियों सहित गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से करोड़ों रुपये मूल्य की स्मैक बरामद की थी। जांच में सामने आया कि अब्दुल कादिर ने लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी कर करोड़ों की अवैध कमाई की थी, जिससे उसने अपने व परिजनों के नाम पर आलीशान मकान और भूखंड खरीदे थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार और उससे अर्जित संपत्तियों पर कठोर कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जांच कर पाया कि अब्दुल कादिर ने नशे की तस्करी से अर्जित धन से मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और बागपत जिलों में कई संपत्तियां खरीदी थीं। पुलिस टीम द्वारा तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 68 (एफ) के अंतर्गत सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली को भेजी गई। साक्ष्यों और प्रभावी पैरवी के आधार पर सक्षम प्राधिकारी ने यह स्पष्ट किया कि अभियुक्त ने मादक पदार्थों की बिक्री से अवैध धन अर्जित कर अपने व परिजनों के नाम पर संपत्तियां बनाई हैं। इसके बाद 15 अक्टूबर 2025 को सक्षम प्राधिकारी ने उक्त संपत्तियों के जब्तीकरण के आदेश पारित किए।

आदेशों के अनुपालन में 18 अक्टूबर 2025 को थाना बुढ़ाना प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री और नायब तहसीलदार अमन कुमार के नेतृत्व में पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी संपत्तियों पर निर्धारित प्रारूप में नोटिस लगाए और बोर्ड चस्पा किए। साथ ही इन संपत्तियों की बिक्री, खरीद या किसी प्रकार की क्षति पहुंचाने पर रोक लगाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।पुलिस के अनुसार, जब्त की गई संपत्तियों में मुजफ्फरनगर स्थित 546.55 वर्गमीटर का आवासीय भूखंड, 307.50 वर्गमीटर का दोमंजिला मकान, 0.068 हेक्टेयर कृषि भूमि, बागपत में 344.44 वर्गमीटर का भूखंड और सहारनपुर में 156.8 वर्गमीटर का दोमंजिला मकान शामिल हैं। इन सभी संपत्तियों की अनुमानित कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये बताई गई है।अब्दुल कादिर के खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें कैराना, झिंझाना, थानाभवन और बुढ़ाना थाने में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े प्रकरण शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन सवेरा” के तहत की गई यह कार्रवाई नशे के कारोबारियों के लिए एक सख्त संदेश है कि अवैध रूप से अर्जित संपत्तियां किसी भी हाल में बचाई नहीं जा सकतीं। यह मुजफ्फरनगर पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी जब्ती कार्रवाई मानी जा रही है, जिसने नशे के अंधकार में डूबे तस्करों के लिए कानून का उजाला दिखा दिया है।
