एमके स्टालिन ने सोमवार को हाल ही में संपन्न हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में डीएमके की हार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी यह अनुमान लगाने में विफल रही कि इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और चुनाव प्रचार में बच्चों का इस्तेमाल किस तरह मतदाताओं को टीवीके के पक्ष में प्रभावित करेगा। डीएमके अध्यक्ष ने कहा, “सोशल मीडिया, इंस्टाग्राम का इस्तेमाल और बच्चों को उनकी माताओं, दादा-दादी और बड़ों को प्रभावित करने के लिए चुनाव प्रचार में लगाना, यह सब सोची-समझी रणनीति थी जिसे हम समझ नहीं पाए। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी अब भविष्य में ऐसे कृत्यों को विफल करने के लिए रणनीति बनाएगी। हालांकि, स्टालिन ने जोर देकर कहा कि सत्ता खोने के बावजूद डीएमके राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बनी हुई है। उन्होंने कहा यहां बोलने वाले कई लोग दुखी थे, लेकिन हमें दुखी होने की जरूरत नहीं है क्योंकि हम अभी सत्ता में हैं।
नई सरकार द्वारा डीएमके शासनकाल में शुरू किए गए कल्याणकारी उपायों को जारी रखने का जिक्र करते हुए स्टालिन ने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि पार्टी की नीतियां अभी भी राज्य में शासन को आकार दे रही हैं। उन्होंने कहा कि हमने कई जीत और कई हार देखी हैं। लेकिन डीएमके हार के बाद फिर से उठ खड़ी होती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव हारने के बाद उनका मनोबल नहीं टूटा। डीएमके प्रमुख ने कहा कि पार्टी ने परिणाम घोषित होते ही चुनाव प्रचार शुरू कर दिया था। लेकिन उन्होंने सवाल उठाया कि प्रतिद्वंद्वी गठबंधन ने कई जगहों पर बूथ कमेटी के सदस्यों, बूथ एजेंटों या यहां तक कि मतगणना एजेंटों की नियुक्ति न करने के बावजूद चुनाव कैसे जीत लिया।
उन्होंने कहा कि चुनाव में हार देखकर मेरा मनोबल नहीं टूटा। हमने संसदीय चुनाव के तुरंत बाद चुनाव प्रचार शुरू कर दिया था। हमने बहुत मेहनत की, लेकिन फिर भी हम सत्ता में क्यों नहीं आ सके? स्टालिन ने कहा कि पार्टी भविष्य के चुनावों में सतर्क रहेगी और सोशल मीडिया के प्रभाव और लक्षित मतदाता संपर्क द्वारा संचालित बदलते अभियान मॉडल के अनुरूप खुद को ढाल लेगी।
