मंडलायुक्त चौधरी ने कहा कि परंपरागत रूप से लगने वाले धार्मिक मेले हमारी संस्कृति के संवाहक हैं और इन आयोजनों से समाज में एकता और श्रद्धा का संदेश प्रसारित होता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश, चिकित्सा और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने मेला स्थल पर लगे हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड के कैम्प का भी अवलोकन किया। उन्होंने युवाओं की अनुशासन और सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्हें समाजहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, उप जिलाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि इस बार मेला दर्शकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
