कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरदार भगत सिंह, सुखदेव जैसे क्रांतिकारियों के बलिदान की बदौलत हम आजाद भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपने कार्य के प्रति निष्ठावान रहने, उसे छोटे-बड़े भेद के बिना पूरी लगन से करने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को वीर सपूतों की कहानियां सुनाकर उनमें देशभक्ति का भाव जगाना चाहिए। साथ ही विकास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्रों में आगे बढ़ने की जरूरत बताई।
अपर आयुक्त न्यायिक प्रीति जायसवाल और संयुक्त विकास आयुक्त प्रदीप कुमार ने भी अपने विचार साझा किए। स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन पर उपस्थित जनों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में कमिश्नरी के अधिकारी-कर्मचारी समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
