सीतापुर , 3 दिसंबर । अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन सशक्तिकरण दिवस बुधवार को आयोजित कार्यक्रमों में दिव्यांगजनों ने उत्साह और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। राजकीय इंटर कॉलेज, सीतापुर में हुए मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर गुरु और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
कार्यक्रम में जिले के लगभग 150 प्रतिभागियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। बालक अस्थि दिव्यांग/मूकबधिर दौड़ में शुभम राजकीय इंटर कॉलेज नेवादा प्रथम, करन श्री रघुराज सिंह हॉयर सेकेंडरी स्कूल द्वितीय और शिवशंकर स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज, मानपुर तृतीय रहे। बालिका वर्ग में मोहिनी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महमूदाबाद ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि शालू और पारुल क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
कुर्सी दौड़ में भी बच्चों ने दमदार प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में आर्यन शर्मा (श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज) प्रथम, रोहित द्वितीय और रौनक राज तृतीय रहे। बालिका वर्ग में शशि ने पहला, शालू ने दूसरा और सुलोचना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
