मनीष अग्रवाल
सहारनपुर।पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने शुक्रवार को जनपद सहारनपुर स्थित आशा मॉर्डन स्कूल में छात्र-छात्राओं के बीच “तीन नए कानून”, साइबर जागरूकता एवं मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी भी उपस्थित रहे।डीआईजी अभिषेक सिंह ने विद्यार्थियों को हाल ही में लागू हुए तीन केंद्रीय आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ये नए कानून न्यायिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तीव्र एवं जनहितकारी बनाते हैं, साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा को और सशक्त करते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर बल दिया। डीआईजी ने कहा कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तुरंत 112 हेल्पलाइन या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत छात्राओं को आत्मरक्षा, महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों और महिला हेल्पलाइन नंबरों (1090, 181 आदि) की जानकारी दी गई। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग, आत्मनिर्भर और निर्भीक बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न सवाल पूछे जिनका डीआईजी ने सहज और प्रेरणादायक उत्तर देते हुए कहा ‘सशक्त समाज वही है जहाँ महिलाएं सुरक्षित और आत्मविश्वासी हों।’
